छत्तीसगढ़ के हजारों गरीब परिवार पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़कर अपने बिजली बिल के भारी बोझ से निजात पा रहे हैं। इस योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर अब उन्हें हर महीने 2,000 से 3,000 रुपये तक के बिजली बिल की चिंता नहीं करनी पड़ती। गांव के निवासी रमाकांत का कहना हैं कि इस योजना की मदद से उनकी बचत हुई है, जिसे वे अपने परिवार की अन्य जरूरी जरूरतों में इस्तेमाल कर पा रहे हैं। वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का तहे दिल से धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने देश के गरीब-समाज को बिजली की सुलभता का यह उपहार दिया।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का मूल उद्देश्य है देश के घरों में 3 किलोवाट तक की रूफटॉप सोलर प्रणाली लगाना और 60% तक सब्सिडी प्रदान करके प्रति माह 300 यूनिट बिजली मुफ्त देना। इससे लगभग 1 करोड़ परिवार सालाना लगभग 15,000 करोड़ रुपये की बचत कर सकेंगे। योजना से न केवल बिजली बिल कम होंगे, बल्कि पावर कट की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा और साफ-सुथरी, हरित ऊर्जा का उपयोग बढ़ेगा। इस योजना के तहत सोलर पैनल इंस्टालेशन के लिए सरकार हर राज्य और पंचायत स्तर पर डिजिटल आवेदन प्रणाली के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराती है, जिससे सभी वर्गों को लाभ मिल सके। इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं, जैसे सोलर पैनल उत्पादन, इंस्टालेशन और रखरखाव के क्षेत्र में।
सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया
सरकार इस योजना के तहत प्रति किलोवाट 30,000 रुपये की सब्सिडी देती है, जिसमें अधिकतम 3 किलोवाट तक की छत पर पैनल लगवाने पर कुल 78,000 रुपये तक की सब्सिडी मिलती है। आवेदन करना बेहद सरल है, जिनमें आवेदक आधिकारिक वेबसाइट pmsuryaghar.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए राज्य, बिजली वितरण कंपनी, उपभोक्ता नंबर, मोबाइल नंबर और ईमेल की जानकारी देनी होती है। आवेदन के बाद डिस्कॉम द्वारा व्यवहार्यता अनुमोदन मिलने के बाद पंजीकृत विक्रेता से सोलर सिस्टम लगवाया जाता है। इंस्टालेशन पूरा होने पर नेट मीटर लगाकर प्रमाणित किया जाता है और सब्सिडी सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन है जिससे लाभार्थियों को कोई परेशानी नहीं होती
पर्यावरण और ऊर्जा का स्थायी भविष्य
पीएम सूर्य घर योजना सिर्फ बिजली बचाने की योजना नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा स्वतंत्रता की दिशा में एक बड़ा कदम है। भारत सरकार की यह पहल देश को ग्रीन एनर्जी के मार्ग पर आगे बढ़ाने के साथ-साथ लोकल इकोनॉमी को भी मजबूत कर रही है। इस योजना के तहत ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला है, जिससे भविष्य में प्रदूषण कम होगा और स्वच्छ ऊर्जा का विस्तार होगा। यह योजना खासकर ग्रामीण और शहरी गरीब वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिनके लिए बिजली अब महंगे बिल का बोझ नहीं, बल्कि मुफ्त उपभोग की सुविधा बन गई है।