Mini Lockdown Returns: देश में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या में दिनों दिन इजाफा होना शुरू हो गया है। इस बीच ओमीक्रोन ने नई टेंशन पैदा कर दी है। लिहाजा देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में लॉकडाउन जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
ओमीक्रोन के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कड़ी पाबंदी लगा दी है। सार्वजनिक वाहन 50 फीसदी बैठने की क्षमता के साथ चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो को भी 50 फीसदी क्षमता के सलाथ चलाया जा रहा है।
मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिनलाडु जैसे राज्यों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। इतना ही नहीं कई राज्यों में नए साल के जशअन पर भी पाबंदी लगा दी गई है। राजधानी दिल्ली में मिनी लॉकडाउन (Mini Lockdown in Delhi) का ऐलान किया जा चुका है। महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते केसों को तीसरी लहर करार दिया जा चुका है। ऐसे ही बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी कह चुके हैं।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 923 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है और 344 मरीज ठीक हुए हैं। राज्य में कुल एक्टिव मामलों की संख्या 2,191 है। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14,45,102 है और अब तक कुल 25,107 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। दिल्ली में ओमीक्रोन के मामले बढ़कर 238 हो गए हैं।
दिल्ली सरकार की कार्य योजना के मुताबिक, अगर कोरोना के नए मरीज मिलने की दर लगातार दो दिनों तक 1 फीसदी से अधिक रहती है, या एक हफ्ते में 3,500 नए मामले रहते हैं, तो शहर में एक हफ्ते तक और सख्त पाबंदी लगाई जा सकती है। ।
मुंबई में बुधवार को कोरोना के 2,510 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान एक मरीज की मौत भी हुई। इसके बाद महाराष्ट्र कोविड टास्क फोर्स के एक सदस्य ने बुधवार को चिंता व्यक्त की और कहा कि मुंबई में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो चुकी है। महाराष्ट्र कोविड टास्क फोर्स के सदस्य डॉ शशांक जोशी ने कहा कि हर चार दिन में केस डबल हो रहे हैं। हालांकि सभी मामले हल्के हैं और जानलेवा नहीं है, लेकिन लोगों को कोरोना गाइडलाइन के नियमों का पालन करना चाहिए।