सिर्फ ₹5700 की मंथली SIP से ऐसे बन सकते हैं ₹5 करोड़ के मालिक! ये रहा पूरा कैलकुलेशन
How to Build ₹5 Crore Corpus At Age 30: फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का कहना है कि 30 साल की उम्र में भी आप आसानी से ₹5 करोड़ का रिटायरमेंट फंड तैयार कर सकते हैं। इसके लिए बस आपको सही रणनीति, कड़े अनुशासन और कम्पाउंडिंग की ताकत की जरूरत होगी। आसान भाषा में समझिए 30 साल की उम्र के बाद ₹5 करोड़ का जादुई आंकड़ा छूने के लिए आपको हर महीने कितने रुपये की SIP करनी होगी और इसका पूरा गणित क्या है
30 साल की उम्र में निवेश शुरू करके रिटायरमेंट तक ₹5 करोड़ का फंड बनाना बिल्कुल मुमकिन है
How to Build ₹5 Crore Corpus At Age 30: अक्सर कहा जाता है कि अमीर बनने और फाइनेंशियल आजादी पाने के लिए 20 से 25 साल की उम्र से ही निवेश शुरू कर देना चाहिए। यही वजह है कि जब कोई युवा 30 साल की उम्र पार करता है, तो उसे ऐसा लगने लगता है कि उसने निवेश शुरू करने में बहुत देर कर दी है। लेकिन क्या सचमुच ऐसा है?
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का कहना है कि बिल्कुल नहीं! 30 साल की उम्र में भी आप आसानी से ₹5 करोड़ का रिटायरमेंट फंड तैयार कर सकते हैं। इसके लिए बस आपको सही रणनीति, कड़े अनुशासन और कम्पाउंडिंग की ताकत की जरूरत होगी। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि 30 साल की उम्र के बाद ₹5 करोड़ का जादुई आंकड़ा छूने के लिए आपको हर महीने कितने रुपये की SIP करनी होगी और इसका पूरा गणित क्या है।
1. फ्लैट SIP का गणित: हर महीने ₹16000 का निवेश
अगर आप 30 साल की उम्र में हैं और 60 साल की उम्र में रिटायर होना चाहते हैं, तो आपके पास निवेश के लिए पूरे 30 साल का लंबा समय है। इतने लंबे समय में इक्विटी म्यूचुअल फंड आपके लिए बड़ा फंड आसानी से बना सकते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर आप आज से ₹16000 प्रति माह की फ्लैट SIP शुरू करते हैं। लॉन्ग-टर्म में अगर आपको सालाना 12% का सीएजीआर (CAGR) रिटर्न मिलता है, तो 60 साल की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते आपका कुल फंड करीब ₹5.6 करोड़ हो जाएगा।
इसका गणित बहुत सीधा और आसान है, लेकिन चुनौती इस बात की है कि बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच भी आपको अगले 30 साल तक इस अनुशासन को टूटने नहीं देना है।
2. स्टेप-अप SIP: सिर्फ ₹5700 से शुरू करें सफर
30 साल की उम्र में करियर की शुरुआत होती है, इसलिए हर महीने सीधे ₹16000 की SIP करना हर किसी के लिए व्यावहारिक या संभव नहीं होता। ऐसे में 10% स्टेप-अप SIP का फॉर्मूला सबसे बेस्ट और प्रैक्टिकल तरीका है। इसमें आपको पहले दिन से बड़ा अमाउंट नहीं लगाना पड़ता, बल्कि जैसे-जैसे आपकी सैलरी बढ़ती है, वैसे-वैसे आप निवेश बढ़ाते हैं।
आप पहले साल सिर्फ ₹5700 प्रति माह से शुरुआत करें। हर साल इस SIPअमाउंट को सिर्फ 10% बढ़ा दें यानी अगले साल ₹5700 का 10% जोड़कर करीब ₹6270 की SIP करें। 12% वार्षिक रिटर्न के हिसाब से 30 साल बाद आपका कुल फंड ₹5 करोड़ के पार पहुंच जाएगा। इसमें आपकी जेब से कुल निवेश सिर्फ ₹1.12 करोड़ के आसपास होगा, बाकी का सारा पैसा कम्पाउंडिंग की ताकत से बनेगा।
3. सावधान! 30 साल बाद ₹5 करोड़ की असली कीमत क्या होगी?
भले ही सुनने में ₹5 करोड़ का फंड बहुत बड़ा और आकर्षक लगता है, लेकिन निवेश करते समय आपको महंगाई के असर को कभी नहीं भूलना चाहिए। आज के ₹5 करोड़ और 30 साल बाद के ₹5 करोड़ की वैल्यू में जमीन-आसमान का अंतर होगा।
अगर हम सालाना 6% की औसत महंगाई दर मानकर चलें, तो आज से 30 साल बाद के ₹5 करोड़ की कीमत आज के सिर्फ ₹87 लाख के बराबर होगी। ऐसे में अगर आपको आज के ₹5 करोड़ जितनी वैल्यू चाहिए तो आपको 30 साल बाद के लिए करीब ₹28.7 करोड़ का टारगेट लेकर चलना होगा।
इसलिए, सिर्फ एक राउंड फिगर को देखकर खुश न हों। अपना रिटायरमेंट गोल तय करते समय भविष्य के मासिक खर्च, हेल्थकेयर कॉस्ट और अपनी लाइफस्टाइल को ध्यान में रखकर ही सही टारगेट सेट करें।
निवेश का 'गोल्डन रूल'
30 साल की उम्र में निवेश शुरू करके रिटायरमेंट तक ₹5 करोड़ का फंड बनाना बिल्कुल मुमकिन है। असली चुनौती यह नहीं है कि लक्ष्य हासिल किया जा सकता है या नहीं, बल्कि चुनौती यह है कि क्या आप मार्केट क्रैश के समय भी निवेश बनाए रख सकते हैं? क्या आप अपनी आमदनी बढ़ने के साथ खर्च बढ़ाने के बजाय निवेश बढ़ा सकते हैं?
फाइनेंशियल प्लानिंग का सीधा नियम- जल्दी शुरुआत करना फायदेमंद है, SIP को हर साल स्टेप-अप करना समझदारी है, और बाजार में लंबे समय तक टिके रहना सबसे जरूरी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।