Moneyview IPO: एंकर इनवेस्टर्स से जुटाए ₹327 करोड़, आज 24 सितंबर से ओपनिंग; ग्रे मार्केट में भाग रहा है शेयर

Moneyview IPO: मनीव्यू एक डिजिटल फाइनेंशियल सर्विस प्लेटफॉर्म है। इसमें एक्सेल, टाइगर ग्लोबल और रिबिट कैपिटल जैसे ग्लोबल इनवेस्टर्स का पैसा लगा हुआ है। IPO में नए शेयरों के साथ-साथ प्रमोटर्स और मौजूदा निवेशकों की ओर से OFS भी रहेगा

अपडेटेड Sep 24, 2026 पर 9:15 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Moneyview IPO के लिए प्राइस बैंड ₹32-34 प्रति इक्विटी शेयर है।

डिजिटल लेंडिंग प्लेटफॉर्म मनीव्यू का ₹1,091.68 करोड़ का IPO आज, 24 सितंबर से खुलने जा रहा है। ओपनिंग से एक दिन पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से ₹327.5 करोड़ जुटाए। स्टॉक एक्सचेंज पर अपलोड किए गए एक सर्कुलर के अनुसार, कंपनी ने 20 फंडों को 9.63 करोड़ इक्विटी शेयर अलॉट किए। एंकर निवेशकों में SBI म्यूचुअल फंड, HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC), ICICI प्रूडेंशियल AMC, गोल्डमैन सैक्स, मिरे एसेट, मोतीलाल ओसवाल AMC, आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC, इंडिया एकॉर्न फंड, क्वांट म्यूचुअल फंड, अमंडी फंड्स और HDFC लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, 360 ONE आदि शामिल थे।

Moneyview IPO के लिए प्राइस बैंड ₹32-34 प्रति इक्विटी शेयर है। लॉट साइज 441 शेयर है। IPO 28 सितंबर को बंद होगा। उसके बाद अलॉटमेंट 29 सितंबर को फाइनल होगा। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 1 अक्टूबर को लिस्ट हो सकते हैं। IPO में ₹750 करोड़ के 22.06 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹341.68 करोड़ के 10.05 करोड़ शेयरों का OFS (Offer for Sale) रहेगा। OFS में कंपनी के फाउंडर और प्रमोटर पुनीत अग्रवाल और संजय अग्रवाल के साथ-साथ एक्सेल, टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट, रिबिट कैपिटल, DI इनवेस्टमेंट और क्रिमसन विंटर जैसे निवेशक भी शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे।

क्या करती है Moneyview


मनीव्यू में एक्सेल, टाइगर ग्लोबल और रिबिट कैपिटल जैसे ग्लोबल इनवेस्टर्स का पैसा लगा हुआ है। Moneyview एक डिजिटल फाइनेंशियल सर्विस प्लेटफॉर्म है। यह यूजर्स को बैंकों, नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों (NBFCs), इंश्योरेंस कंपनियों और दूसरे फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस से जोड़ता है। जून 2026 तक, कंपनी के पास 14.03 करोड़ रजिस्टर्ड यूजर थे और इसके नेटवर्क में 48 फाइनेंशियल पार्टनर जुड़े हुए थे। पब्लिक इश्यू के लिए एक्सिस कैपिटल, BofA Securities India, IIFL कैपिटल सर्विसेज और कोटक महिंद्रा कैपिटल बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार MUFG Intime India Pvt.Ltd. है।

IPO के पैसे कैसे होंगे इस्तेमाल

Moneyview अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल डिफॉल्ट लॉस गारंटी (DLG) व्यवस्था के तहत लोन बांटने में तेजी लाने, मैटेरियल सब्सिडियरी Whizdm Finance का कैपिटल बेस बढ़ाने के लिए निवेश करने और आम कॉर्पोरेट कामों के लिए करेगी। इश्यू में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। ग्रे मार्केट में मनीव्यू का शेयर 41.18 प्रतिशत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां​ किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।

कंपनी की वित्तीय सेहत

अप्रैल-जून 2026 तिमाही में मनीव्यू का रेवेन्यू सालाना आधार पर 51.5 प्रतिशत बढ़कर ₹1,065.09 करोड़ हो गया। शुद्ध मुनाफा 158.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹173.80 करोड़ रुपये रहा। इस बीच कंपनी पर ₹5,484.76 करोड़ की उधारी थी। जून 2025 तिमाही में रेवेन्यू ₹702.92 करोड़ और शुद्ध मुनाफा ₹67.15 करोड़ था। वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 43 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹3,404.27 करोड़ और शुद्ध मुनाफा 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹242.71 करोड़ रहा।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।