MSSC: महिलाएं अक्सर अपनी सेविंग को ऐसे जगहों पर निवेश करना चाहती हैं, जहां उनका पैसा सुरक्षित रहे और अच्छा ब्याज मिले। महिला सम्मान सेविंग सर्टिफिकेट (MSSC) एक बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकता है। यह एक सरकारी डिपॉजिट स्कीम है, जिसमें 7.5% की दर से ब्याज दिया जा रहा है। महिलाएं इस योजना में दो साल तक के लिए पैसा जमा कर सकती हैं। हालांकि, आपको बता दें कि महिला सम्मान सेविंग सर्टिफिकेट में 31 मार्च 2025 तक ही निवेश कर सकते हैं। आइए जानें इस योजना में ₹50,000, ₹1,00,000, ₹1,50,000 और ₹2,00,000 निवेश करने पर कितना रिटर्न मिलेगा।
2,00,000 रुपये के निवेश पर कितना फायदा मिलेगा?
अगर आप MSSC में ₹2,00,000 का निवेश करते हैं, तो MSSC कैलकुलेटर के अनुसार, दो साल बाद आपको ₹32,044 का ब्याज मिलेगा। इस तरह, मैच्योरिटी पर आपको कुल ₹2,32,044 मिलेंगे।
1,50,000 रुपये के निवेश पर रिटर्न
₹1,50,000 के निवेश पर दो साल में ₹24,033 का ब्याज मिलेगा। इस तरह, मैच्योरिटी पर आपको कुल ₹1,74,033 प्राप्त होंगे।
₹1,00,000 के निवेश पर रिटर्न
₹1,00,000 जमा करने पर दो साल बाद आपको ₹16,022 का ब्याज मिलेगा। इस प्रकार मैच्योरिटी पर कुल ₹1,16,022 का भुगतान होगा।
₹50,000 के निवेश पर रिटर्न
अगर आप ₹50,000 का निवेश करते हैं, तो आपको दो साल बाद ₹8,011 का ब्याज मिलेगा। इस तरह मैच्योरिटी पर आपको कुल ₹58,011 मिलेंगे।
महिला सम्मान सेविंग सर्टिफिकेट योजना में खाता खोलने के लिए आप डाकघर या अधिकृत बैंकों में जा सकते हैं। इस योजना में किसी भी आयु की महिलाएं निवेश कर सकती हैं। साथ ही नाबालिग लड़की के नाम पर भी अभिभावक खाता खोल सकते हैं। खाता खोलने के लिए आपको आधार कार्ड, पैन कार्ड और रंगीन फोटो जैसे डॉक्यूमेंट की जरूरत होगी।
एक साल बाद आंशिक पैसा निकालने की मिलती है सुविधा
महिला सम्मान सेविंग सर्टिफिकेट योजना के नियमों के अनुसार, खाता खोलने के एक साल बाद आंशिक निकासी की अनुमति है। आप जमा राशि का 40% तक निकाल सकते हैं। उदाहरण के लिए यदि आपने ₹2,00,000 का निवेश किया है, तो एक साल बाद आप ₹80,000 तक निकाल सकते हैं।