Multi Year Health Policy: हेल्थ इंश्योरेंस (Health Insurance) की जरूरत लोगों को पहले कभी इतनी महसूस नहीं हुई थी। खासकर कोविड के बाद इसकी अहमियत बढ़ी है। जिस तरह प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के खर्चें बढ़ रहे हैं, उससे हर व्यक्ति हेल्थ इंश्योरेंस को जरूरी मानने लगा है। एक बार प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती होने का मतलब यह है कि आपकी कई सालों की सेविंग्स खत्म हो जाती है। इंश्योरेंस कंपनियां भी ग्राहकों को नए-नए फीचर्स के साथ प्रोडक्ट्स ऑफर कर रही हैं। इनमें कैशलेस इलाज और डे-केयर प्रोसिजर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इनकम टैक्स की ओल्ड रीजीम में हेल्थ इंश्योरेंस खरीदने पर टैक्स-छूट मिलती है। इससे भी टैक्सपेयर्स के बीच इसका आकर्षण ज्यादा है। मनीकंट्रोल आपको मल्टी-ईयर पॉलिसी के फीचर्स के बारे में बता रहा है।
हर साल रिन्यू कराने की जरूरत नहीं
मल्टी-ईयर हेल्थ पॉलिसी का मतलब ऐसी पॉलिसी से है, जो एक से ज्यादा साल का कवर ऑफर करती है। आम तौर पर यह दो-तीन साल का कवर ऑफर करती है। इस पॉलिसी के कई फायदे हैं। ट्रेडिशनल हेल्थ पॉलिसी में आपको उसे हर साल रिन्यू कराने की जरूरत पड़ती है। अगर आप तय समय के अंदर पॉलिसी रिन्यू कराना भूल जाते हैं तो आपके कई बेनेफिट्स खत्म हो जाते हैं।
हर साल प्रीमियम बढ़ने की चिंता नहीं
मल्टी-ईयर हेल्थ पॉलिसी खरीद कर आप तीन साल तक पॉलिसी रिन्यू कराने के झंझट से फ्री हो जाते हैं। इससे आपको पॉलिसी की अवधि तक लगातार कवरेज मिलती रहती है। दूसरा फायदा यह है कि एक साल वाली पॉलिसी में रिन्यूएल के वक्त प्रीमियम बढ़ने की संभावना होती है। मल्टी-ईयर हेल्थ पॉलिसी में आप तीन साल या पॉलिसी की अवधि तक उसके प्रीमियम अमाउंट को लॉक कर देते हैं। इससे आपको इस बात की चिंता करने की जरूरत नहीं होती है कि अगले साल प्रीमियम के लिए आपको कितने पैसे का इंतजाम करना होगा।
प्रीमियम पर 10-15 फीसदी तक डिस्काउंट
ज्यादातर इंश्योरेंस कंपनियां दो साल के कवरेज वाली हेल्थ पॉलिसी खरीदने पर 10 फीसदी तक डिस्काउंट देती हैं, जबकि तीन साल की पॉलिसी पर 15 फीसदी तक डिस्काउंट मिलता है। इससे पॉलिसी के प्रीमियम पर होने वाला आपका कुल खर्च घट जाता है। मल्टी-ईयर हेल्थ पॉलिसी सीनियर सिटीजंस के लिए ज्यादा फायदेमंद है। इसकी वजह यह है कि सीनियर सिटीजंस के लिए प्रीमियम काफी ज्यादा होता है।
कोई व्यक्ति हेल्थ पॉलिसी के प्रीमियम पर इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80डी के तहत डिडक्शन क्लेम कर सकता है। 60 साल से कम उम्र का कोई व्यक्ति खुद, पत्नी और बच्चों के लिए हेल्थ पॉलिसी खरीदकर एक वित्त वर्ष में 25,000 रुपये तक डिडक्शन क्लेम कर सकता है। अगर आप अपने बुजुर्ग माता-पिता के लिए हेल्थ पॉलिसी खरीदते हैं तो आप एक वित्त वर्ष में 50,000 रुपये का डिडक्शन क्लेम कर सकते हैं।
मल्टी-ईयर हेल्थ पॉलिसी में डिडक्शन के नियम के बारे में जान लेना जरूरी है। ऐसी पॉलिसी में उसकी कुल अवधि के प्रीमिमय अमाउंट को कवरेज का साल से विभाजित कर दिया जाता है। मान लीजिए आपने तीन साल के कवरेज वाली हेल्थ पॉलिसी खरीदी है, जिसका प्रीमियम 60,000 रुपये है। ऐसे में आप हर साल 20,000 रुपये का डिडक्शन क्लेम कर सकते हैं। अगर सीनियर सिटीजन तीन साल की हेल्थ पॉलिसी के लिए 1.5 लाख रुपये का प्रीमियम चुकाता है तो वह हर साल 50,000 रुपये का डिडक्शन क्लेम कर सकता है।
मल्टी-ईयर हेल्थ पॉलिसी के कई फायदे हैं। लेकिन यह समझ लेना जरूरी है कि इसके लिए आपको एकमुश्त ज्यादा पैसे चुकाने पड़ते हैं। इसलिए यह पॉलिसी उन लोगों के लिए ठीक है, जिनके पास पैसे की दिक्कत नहीं है। अगर आपने बैंक सेविंग्स अकाउंट में ज्यादा पैसा रखा है तो उसका इस्तेमाल मल्टी-ईयर हेल्थ पॉलिसी खरीदकर कई फायदा उठा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: आदित्य बिड़ला की Active Fit Health Policy कैसी है? जानिए इसकी खास बातें