Nippon India NFO: निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड (NIMF) ने निवेशकों के लिए नया फंड ऑफर (NFO) लॉन्च किया है। कंपनी का कहना है कि यह फंड कम उतार-चढ़ाव, बेहतर टैक्स एफिशिएंसी और रिस्क-एडजस्टेड रिटर्न पर फोकस करेगा। यह NFO निवेश के लिए 17 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक खुला रहेगा।
'निप्पॉन इंडिया इनकम प्लस आर्बिट्राज ओम्नी फंड ऑफ फंड' अपने 95% से 100% पैसे का निवेश आर्बिट्राज, एक्टिव डेट और पैसिव डेट म्यूचुअल फंड के कॉम्बिनेशन में करेगा। वहीं, अधिकतम 5% निवेश डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में किया जा सकेगा।
फंड में कम से कम 35% निवेश आर्बिट्राज फंड में रहेगा। बाकी हिस्सा डेट और मनी मार्केट से जुड़े निवेश विकल्पों में लगाया जाएगा।
टैक्स के लिहाज से क्या फायदा?
इस फंड की सबसे बड़ी खासियत इसकी टैक्स स्ट्रक्चर है। अगर निवेशक 24 महीने से ज्यादा तक यूनिट्स होल्ड करता है, तो मुनाफे पर 12.5% लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स लगेगा। वहीं, 24 महीने से पहले निकासी करने पर टैक्स निवेशक के इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से लगेगा।
यही वजह है कि यह फंड खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है, जिनका निवेश का समय दो साल या उससे ज्यादा का है।
डेट और आर्बिट्राज का कॉम्बिनेशन
यह फंड सिर्फ डेट या सिर्फ आर्बिट्राज रणनीति तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें दोनों तरह की रणनीतियों का फायदा एक ही पोर्टफोलियो में मिलेगा।
फंड मैनेजर जरूरत के मुताबिक अलग-अलग अंडरलाइंग स्कीम में निवेश का अनुपात बदल सकेगा। इससे निवेशकों को खुद बार-बार स्कीम बदलने या उस पर लगने वाले टैक्स की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
किन निवेशकों के लिए सही है?
यह फंड उन निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है, जो ब्याज दरों के उतार-चढ़ाव का कम जोखिम लेना चाहते हैं। साथ ही दो से तीन साल के निवेश में स्थिर और बेहतर रिस्क-एडजस्टेड रिटर्न की तलाश कर रहे हैं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।