NPS Calculator: 40 की उम्र से एनपीएस में हर महीने ₹10000 के इनवेस्टमेंट से कितना बनेगा रिटायरमेंट फंड? पूरा कैलकुलेशन जानिए

NPS Calculator:एनपीएस की एक खास बात यह है कि इसमें रेगुलर निवेश करने पर इनवेस्टर्स की उम्र 60 साल तक होने पर एक बड़ा फंड तैयार हो जाता है। इस फंड का एक बड़ा हिस्सा मैच्योरिटी पर एकमुश्त मिल जाता है, जबकि बाकी पैसे से एन्युटी खरीदनी पड़ती है

अपडेटेड Sep 03, 2026 पर 4:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सरकार ने सरकारी एंप्लॉयीज के लिए यह स्कीम 2004 में शुरू की थी। 2009 में इसे सभी लोगों के लिए खोल दिया गया।

NPS Calculator: नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) ऐसे लोगों के लिए निवेश का बेस्ट ऑप्शन है, जो रिटायरमेंट के बाद नियमित इनकम चाहते हैं। सरकार ने सरकारी एंप्लॉयीज के लिए यह स्कीम 2004 में शुरू की थी। 2009 में इसे सभी लोगों के लिए खोल दिया गया। इसका मतलब है कि इस स्कीम में निवेश करने के लिए सरकारी एंप्लॉयी होना जरूरी नहीं है।

NPS में निवेश करने पर रिटायरमेंट बाद होती है रेगुलर इनकम

National Pension System यानी NPS की एक खास बात यह है कि इसमें रेगुलर निवेश करने पर इनवेस्टर्स की उम्र 60 साल तक होने पर एक बड़ा फंड तैयार हो जाता है। इस फंड का एक बड़ा हिस्सा मैच्योरिटी पर एकमुश्त मिल जाता है, जबकि बाकी पैसे से एन्युटी खरीदना पड़ता है। इस एन्युटी से इनवेस्टर को हर महीने पेंशन मिलती है। इससे रिटायरमेंट बाद जरूरी खर्च पूरे करने के लिए उसे किसी से पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ती है।


40 साल की उम्र में भी निवेश शुरू करने पर बनेगा बड़ा फंड

कई लोग यह समझते हैं कि एनपीएस में निवेश से बड़ा फंड तैयार करने के लिए कम उम्र में निवेश की शुरुआत जरूरी है। लेकिन, ऐसा नहीं है। अगर किसी की उम्र 40 साल है तो भी वह हर महीने एनपीएस में कंट्रिब्यूट कर रिटायर होने तक बड़ा फंड तैयार कर सकता है। 40 साल का कोई व्यक्ति एनपीएस में निवेश शुरू करता है तो उसे इनवेस्टमेंट के लिए कुल 20 साल का समय मिल जाता है। पैसे की वैल्यू में अच्छी ग्रोथ के लिए यह समय पर्याप्त है।

मैच्योरिटी पर बड़ा अमाउंट इनवेस्टर को एकमुश्त मिल जाता है

मान लीजिए 40 साल का कोई व्यक्ति एनपीएस में हर महीने 10,000 रुपये निवेश की शुरुआत करता है। वह 20 साल में कुल 24,00,000 रुपये का निवेश करता है। अगर इस पर सालाना रिटर्न 9 फीसदी मान लिया जाए तो उसे अपने पैसे पर कुल 42,78,869 रुपये का इंटरेस्ट मिलता है। इसका मतलब है कि 60 साल के होने पर उसका एनपीएस का फंड 66,78,869 रुपये होगा। इसमें से 26,71,548 रुपये का इस्तेमाल उसे एन्युटी खरीदने के लिए करना होगा। इसका मतलब है कि उसे मैच्योरिटी पर एकमुश्त 40,07,321 रुपये हाथ में आएंगे।

यह भी पढ़ें: SBI ग्राहकों के लिए बड़ी खबर! 1 अक्टूबर से घट जाएगी एटीएम से फ्री पैसा निकालने की लिमिट, जानिए नया नियम 

कुल फंड इस बात पर निर्भर है कि रिटर्न का रेट क्या रहता है

ध्यान रखने वाली बात यह है कि अगर रिटर्न 10 फीसदी या इससे ज्यादा रहता है तो एनपीएस के मैच्योर करने पर बड़ा फंड तैयार होगा। अगर रिटर्न 10 फीसदी रहता है तो उसके लिए 76.57 लाख रुपये का फंड तैयार हो जाएगा। इसमें निवेश किया गया अमाउंट 24 लाख है, जबकि इंटरेस्ट 52.57 लाख रुपये है। इसका मतलब है कि रिटर्न एक फीसदी बढ़ने पर फंड 10 लाख रुपये बढ़ जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।