ऑटोमोटिव निर्माता अशोक लीलैंड (Ashok Leyland) ने ऐलान किया कि उसके बोर्ड ने सहायक कंपनी हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस (Hinduja Leyland Finance) के एनएक्सटीडिजिटल (NXTDigital) में विलय को मंजूरी दे दी है। इसके बाद आज NXTDigital के शेयरों में 3 प्रतिशत से अधिक की तेजी नजर आई।
NXTDigital एक मीडिया कंपनी हुआ करती थी लेकिन इसने अब अपनी सभी मीडिया संपत्तियों को हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशंस (Hinduja Global Solutions) को ट्रांसफर कर दिया। अब ये प्रभावी रूप से एक शेल कंपनी (मुखौटा कंपनी) बन गई है।
हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस गाड़ियों की फंडिंग करता है। अशोक लीलैंड हिंदुजा समूह (Hinduja Group) का प्रोमोटर है। हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस में अशोक लीलैंड की करीब 69 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसका एयूएम करीब 29,000 करोड़ रुपये है।
अब हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस में विलय के साथ NXTDigital एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) बन जाएगी। इससे बाजार में उत्साह नजर आया और स्टॉक में तेजी देखने को मिली।
आज सुबर 10:22 पर NXTDigital के शेयर बीएसई पर पिछले बंद से 3.30 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 435.7 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।
विलय के परिणामस्वरूप हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस के प्रत्येक 10 शेयरों पर NXTDigital के 23 शेयर आवंटित किए जाएंगे।
वित्त वर्ष 2022 को समाप्त वर्ष के लिए NXTDigital की कुल संपत्ति 469 करोड़ रुपये थी। जबकि हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस की कुल संपत्ति 3,852 करोड़ रुपये रही थी।
बता दें कि यह स्कीम भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (Securities and Exchange Board of India (Sebi), राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (NCLT), बीएसई, एनएसई, अन्य वैधानिक और नियामक प्राधिकरणों के साथ ही संबंधित शेयरधारकों और लेनदारों से मंजूरी मिलने के अधीन है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)