ONGC Q2 Results: सरकारी कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) ने गुरुवार, 5 नवंबर को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 9.1% गिरकर ₹15,489 करोड़ रहा। पिछली तिमाही में यह ₹17,034 करोड़ था। वहीं, कंपनी ने शेयरधारकों के लिए ₹8 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
रेवेन्यू और EBITDA में गिरावट
ONGC का रेवेन्यू जुलाई-सितंबर तिमाही में 5.6% घटकर ₹43,875 करोड़ रहा। जून तिमाही में यह ₹46,461 करोड़ था। कंपनी का EBITDA भी 12.3% गिरकर ₹24,860 करोड़ पर आ गया।
EBITDA मार्जिन में भी कमी आई। यह 61% से घटकर 57% रह गया। CNBC-TV18 के पोल में कंपनी के नेट प्रॉफिट का अनुमान ₹15,591 करोड़ था। रेवेन्यू के लिए ₹44,257 करोड़ और EBITDA के लिए ₹26,574 करोड़ का अनुमान लगाया गया था। कंपनी इन सभी अनुमानों से पीछे रही।
हालांकि, सालाना आधार पर तस्वीर बेहतर रही। दूसरी तिमाही में स्टैंडअलोन रेवेन्यू 32.8% बढ़ा। नेट प्रॉफिट में 57.3% की बढ़ोतरी हुई। वहीं, कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 46.9% बढ़कर ₹18,535 करोड़ रहा।
प्रोडक्शन बढ़ाने पर ONGC का जोर
ONGC का प्रोडक्शन तिमाही आधार पर लगभग स्थिर रहा। हालांकि, सालाना आधार पर इसमें कमी आई। KG-98/2 एसेट में रिजर्वायर से जुड़ी चुनौतियों, मानसून के कारण ऑपरेशन में दिक्कतों और पाइपलाइन प्रोजेक्ट में देरी का असर पड़ा।
कंपनी ने पश्चिमी ऑफशोर के पुराने तेल क्षेत्रों में प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए BP को टेक्निकल सर्विस प्रोवाइडर के तौर पर जोड़ा है। इसके अलावा, पश्चिमी ऑफशोर में दो बड़े डेवलपमेंट प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। इन पर करीब ₹11,800 करोड़ का निवेश होगा। इनसे लगभग 22 MMTOE हाइड्रोकार्बन क्षमता विकसित होने की उम्मीद है।
ONGC ने ₹4,300 करोड़ से ज्यादा की लागत वाले पाइपलाइन रिप्लेसमेंट प्रोजेक्ट-X को भी अवॉर्ड किया है। कंपनी ने महानदी डीपवॉटर में एक गैस-बेयरिंग खोज और दो ऑनशोर हाइड्रोकार्बन खोजों की जानकारी भी दी।
ONGC के बोर्ड ने ₹5 फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर ₹8 का पहला अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसके लिए 12 नवंबर 2026 रिकॉर्ड डेट तय की गई है। डिविडेंड का भुगतान घोषणा के 30 दिनों के भीतर होगा।
ONGC के शेयर BSE पर .90% की गिरावट के साथ ₹230.10 पर बंद हुए। पिछले 6 महीने में स्टॉक 20.60% गिरा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।