Paytm अपने डिजिटल गोल्ड इनवेस्टर्स को फिजिकल फॉर्म में गोल्ड की डिलीवरी फिर से शुरू करेगी। कंपनी ने मनीकंट्रोल को बताया कि यह अक्षय तृतीया से पहले होगा। ज्यादातर पेमेंट और इनवेस्टमेंट ऐप्स अपने प्लेटफॉर्म पर डिजिटल गोल्ड में निवेशक का विकल्प देते हैं। ग्राहक जब चाहें अपना सोना बेच सकते हैं या चाहें तो इस सोने की फिजिकल फॉर्म में डिलीवरी पा सकते हैं।
Paytm ने मनीकंट्रोल को दिए एक बयान में कहा, "हम डिजिटल गोल्ड के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए उसमें बदलाव कर रहे हैं, ताकि रिडेंप्शन के ऑप्शन और भी अच्छे हो सकें। इस अपग्रेड के तहत, पेटीएम पर डिजिटल गोल्ड के फिजिकल रिडेंप्शन और डिलीवरी की सुविधा 12,000 से ज्यादा पिन कोड में उपलब्ध होगी। जैसे ही हम बैकएंड प्रोडक्ट और टेक्नोलॉजी में सुधार का काम पूरा कर लेंगे, यह सुविधा अप्रैल के मध्य से शुरू हो जाएगी।"
अगस्त 2025 में रोका था रिडेंप्शन
पेटीएम के कुछ गोल्ड इनवेस्टर्स के मुताबिक, कंपनी ने पिछले साल अगस्त से डिजिटल गोल्ड के फिजिकल रिडेंप्शन को कुछ समय के लिए रोक दिया था, और इसका कोई कारण भी नहीं बताया था। ऐप में फिजिकल गोल्ड रिडेंप्शन का ऑप्शन "जल्द आ रहा है" (Coming Soon) के तौर पर शो हो रहा है। कंपनी ने बताया कि यह रोक कुछ समय के लिए लगाई गई थी, ताकि पूरे देश में ग्राहकों को एक जैसा अनुभव देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स में सुधार किया जा सके। पेटीएम ने यह भी कहा कि मौजूदा मार्केट प्राइस पर सोना बेचने का ऑप्शन ग्राहकों के लिए हमेशा से उपलब्ध रहा है।
डिजिटल गोल्ड की बढ़ती चमक
जनवरी 2026 में, UPI के जरिए डिजिटल गोल्ड की खरीद में जबरदस्त उछाल आया और यह रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। कुल 3,926 करोड़ रुपये का डिजिटल गोल्ड खरीदा गया और 21.9 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए। यह आंकड़ा जनवरी 2025 के मुकाबले चार गुना ज्यादा है। 90 प्रतिशत से ज्यादा डिजिटल गोल्ड UPI के जरिए खरीदा गया। डिजिटल गोल्ड में ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ने के पीछे सोने की कीमतों में बढ़ोतरी, निवेश के एक सुरक्षित एसेट के तौर पर सोने की भूमिका, खरीदने में आसानी, छोटे-छोटे हिस्सों में निवेश करने की सुविधा जैसे कारण हैं। ग्राहक 1 रुपये से लेकर लगभग 2 लाख रुपये तक का डिजिटल गोल्ड हर दिन खरीद सकते हैं।
Paytm, PhonePe, Jar, Amazon Pay, Google Pay और Tanishq जैसे पेमेंट ऐप्स पर डिजिटल गोल्ड खरीदने की सुविधा है। गोल्ड की कीमत को MMTC-PAMP या SafeGold जैसी कंपनियां टोकनाइज करती हैं। Paytm की पार्टनर MMTC-PAMP है, जो भारत सरकार के मालिकाना हक वाली कंपनी है। जब भी कोई ग्राहक डिजिटल गोल्ड खरीदता है, तो ये ऐप्स उतनी ही मात्रा में असली सोना खरीदते हैं और उसे MMTC या SafeGold के सुरक्षित वॉल्ट में रखते हैं। इस प्रक्रिया का ऑडिट एक स्वतंत्र ऑडिटर भी करता है, ताकि यह पक्का हो सके कि ये ऐप्स उतनी ही मात्रा में असली गोल्ड खरीद रहे हैं।
फिजिकल फॉर्म में रिडेंप्शन
ज्यादातर प्लेटफॉर्म्स पर डिजिटल गोल्ड की फिजिकल फॉर्म में डिलीवरी पाने के लिए गोल्ड की न्यूनतम मात्रा पर एक सीमा होती है। यह सीमा अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग होती है। लेकिन यह अक्सर एक ग्राम या उससे ज्यादा होती है। PhonePe ने डिजिटल गोल्ड के फिजिकल रिडेंप्शन के लिए कैरेटलेन के साथ पार्टनरशिप की है।