Personal Loan Tips: त्योहारी सीजन में सस्ता पर्सनल लोन लेना चाहते हैं? इन 5 बातों का रखें ख्याल

Personal Loan Tips: दिवाली जैसे त्योहारी सीजन में पर्सनल लोन लेने की योजना बना रहे हैं, तो सिर्फ कम ब्याज दर देखकर फैसला न करें। प्रोसेसिंग फीस, EMI, क्रेडिट स्कोर और प्रीपेमेंट की शर्तें भी आपकी जेब पर असर डालती हैं। जानिए लोन सस्ता रखने के पांच तरीके।

अपडेटेड Oct 29, 2026 पर 4:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बैंक पर्सनल लोन देने के बदले प्रोसेसिंग फीस लेते हैं।

Personal Loan Tips: दिवाली और छठ जैसे त्योहारी सीजन में कपड़े, गहने, गाड़ी खरीदने से लेकर घर की सजावट तक कई खर्च बढ़ जाते हैं। ऐसे में पैसों की कमी होने पर पर्सनल लोन लेने का ख्याल आता है। बैंक और फाइनेंस कंपनियां भी इस दौरान कई तरह के लोन ऑफर देती हैं। लेकिन सिर्फ कम ब्याज दर या जल्दी लोन मिलने के विज्ञापन को देखकर फैसला करना सही नहीं है।

सस्ता पर्सनल लोन चुनने के लिए ब्याज दर के साथ प्रोसेसिंग फीस, EMI, लोन की अवधि और समय से पहले भुगतान की शर्तें भी देखनी चाहिए। इन बातों पर ध्यान देकर आप लोन की कुल लागत कम कर सकते हैं।

1. सिर्फ ब्याज दर नहीं, कुल खर्च देखें


पर्सनल लोन लेते समय सबसे पहले ब्याज दर की तुलना करें। अलग-अलग बैंक एक ही ग्राहक को अलग ब्याज दर पर लोन ऑफर कर सकते हैं। यह आपकी सैलरी, क्रेडिट स्कोर, नौकरी और बैंक के नियमों पर निर्भर करता है। इसलिए पहले अपने बैंक के अलावा दूसरे बैंकों के ऑफर भी देखें।

हालांकि, सिर्फ ब्याज दर कम होने से लोन सस्ता नहीं हो जाता। प्रोसेसिंग फीस और दूसरी लागतें भी देखनी चाहिए। RBI के नियमों के तहत मिलने वाले की फैक्ट स्टेटमेंट (KFS) में सालाना कुल लागत यानी APR की जानकारी दी जाती है। इसमें ब्याज के साथ लोन से जुड़े दूसरे शुल्क भी शामिल होते हैं। इसलिए लोन फाइनल करने से पहले इस स्टेटमेंट को जरूर पढ़ें।

2. प्रोसेसिंग फीस और दूसरे चार्ज की तुलना करें

बैंक पर्सनल लोन देने के बदले प्रोसेसिंग फीस लेते हैं। यह लोन की रकम का एक तय प्रतिशत हो सकती है। इसके अलावा, कुछ मामलों में दूसरे शुल्क भी लग सकते हैं। इसलिए लोन लेते समय पूछें कि कुल कितनी रकम चुकानी होगी और खाते में वास्तव में कितने पैसे आएंगे।

मान लीजिए आप ₹2 लाख का पर्सनल लोन लेते हैं। एक बैंक 1% प्रोसेसिंग फीस लेता है, जबकि दूसरा 2%। पहले बैंक में फीस ₹2,000 और दूसरे में ₹4,000 होगी। यानी दूसरे बैंक में शुरुआती खर्च ₹2,000 ज्यादा है। अगर दोनों की ब्याज दर भी अलग है, तो सिर्फ फीस देखकर फैसला न करें। पूरे लोन की लागत की तुलना करें।

3. EMI अपनी जेब के हिसाब से चुनें

लोन लेते समय ऐसी EMI चुनें जिसे हर महीने आसानी से चुका सकें। त्योहार के समय खर्च ज्यादा हो सकता है, लेकिन लोन की EMI कई साल तक चलती है। इसलिए सिर्फ अभी की जरूरत नहीं, आने वाले महीनों के बजट को भी ध्यान में रखें। कम EMI के चक्कर में लोन की अवधि बहुत लंबी न करें। ऐसा करने पर हर महीने किस्त कम हो सकती है, लेकिन कुल ब्याज बढ़ सकता है।

उदाहरण के लिए, अगर आप ₹1 लाख का लोन 12% सालाना ब्याज दर पर लेते हैं, तो 3 साल की अवधि में EMI करीब ₹3,321 होगी। अगर यही लोन 5 साल के लिए लिया जाए, तो EMI घटकर करीब ₹2,224 रह जाएगी। लेकिन 5 साल वाले विकल्प में कुल ब्याज ज्यादा देना होगा।

4. लोन लेने से पहले क्रेडिट स्कोर चेक करें

आपका क्रेडिट स्कोर भी लोन की ब्याज दर और मंजूरी पर असर डाल सकता है। अच्छा क्रेडिट रिकॉर्ड होने पर बेहतर ऑफर मिलने की संभावना बढ़ सकती है। हालांकि, बैंक की मंजूरी और ब्याज दर दूसरे फैक्टर पर भी निर्भर करती है।

लोन के लिए आवेदन करने से पहले अपनी क्रेडिट रिपोर्ट देख लें। अगर उसमें कोई गलती है, तो उसे ठीक कराने की कोशिश करें। पुराने लोन की EMI और क्रेडिट कार्ड का बकाया समय पर चुकाना भी जरूरी है। सिर्फ लोन पाने के लिए एक साथ कई बैंकों में आवेदन करने से बचें।

5. समय से पहले लोन चुकाने की शर्तें पढ़ें

कई बार बोनस, बचत या दूसरी आमदनी मिलने पर आप लोन समय से पहले चुकाना चाहते हैं। इससे आगे का ब्याज बच सकता है। लेकिन कुछ लोन में समय से पहले भुगतान या फोरक्लोजर पर शुल्क लग सकता है। इसलिए लोन लेने से पहले इस शर्त को जरूर समझें।

यह भी देखें कि आंशिक भुगतान की सुविधा है या नहीं। इससे आप बीच में कुछ रकम जमा करके बकाया मूलधन कम कर सकते हैं। प्रीपेमेंट चार्ज लागू होगा या नहीं, यह लोन के प्रकार, ब्याज दर और लागू नियमों पर निर्भर करता है। इसलिए बैंक से लिखित जानकारी लें।

ब्याज दर के अंतर से कितनी बचत हो सकती है?

मान लीजिए आप ₹1 लाख का पर्सनल लोन 3 साल के लिए लेते हैं। नीचे अलग-अलग ब्याज दरों पर अनुमानित EMI और कुल ब्याज की तुलना है।

ब्याज दर मंथली EMI  कुल भुगतान कुल ब्याज
10% ₹3,227 ₹1,16,170 ₹16,170
12% ₹3,321 ₹1,19,571 ₹19,571
14% ₹3,418 ₹1,23,037 ₹23,037

नोट: ये अनुमानित आंकड़े हैं। इस कैलकुलेशन में प्रोसेसिंग फीस और दूसरे शुल्क शामिल नहीं हैं। वास्तविक EMI बैंक की शर्तों के अनुसार अलग हो सकती है।

इस उदाहरण में 10% ब्याज दर वाला लोन, 14% वाले लोन के मुकाबले करीब ₹6,867 कम ब्याज पर पड़ता है। इसलिए लोन की रकम और अवधि समान होने पर ब्याज दर में छोटा अंतर भी आपकी जेब पर असर डाल सकता है।

दिवाली पर घर जा रहे हैं? सबसे पहले कर लें ये 5 काम!

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।