PM Surya Ghar Yojana: देश के 16.78 लाख लोगों का जीरो हुआ बिजली बिल, पीएम सूर्य घर स्कीम से लाखों घर हुए आत्मनिर्भर

फरवरी 2024 से लागू हुई इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश के एक करोड़ घरों की छतों को सौर ऊर्जा से रोशन करना है। योजना के तहत 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने से एक परिवार को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल सकती है

अपडेटेड Aug 14, 2025 पर 3:24 PM
Story continues below Advertisement
केंद्र सरकार की ओर से 3 किलोवाट तक के सोलर पैनल के लिए ₹78,000 तक की सब्सिडी दी जा रही है

PM Surya Ghar: महंगे बिजली के बिल से मुक्ति पाना अब सिर्फ एक सपना नहीं रहा। केंद्र सरकार की 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' देश भर में लाखों परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा बन गई है। इस योजना के तहत अब तक 16.78 लाख से ज्यादा घरों पर सौर ऊर्जा पैनल लगाए जा चुके हैं, जिससे ये परिवार बिजली के खर्च से आजाद हो गए हैं। इस योजना को साल 2026-27 तक एक करोड़ घरों तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।

केंद्र और राज्य सरकारें दे रही है सब्सिडी

पीएम सूर्य घर योजना में सरकार की सब्सिडी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। केंद्र सरकार की ओर से 3 किलोवाट तक के सोलर पैनल के लिए ₹78,000 तक की सब्सिडी दी जा रही है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने राज्यसभा में बताया कि इस योजना के लिए अब तक केंद्र सरकार ₹9,280.88 करोड़ की वित्तीय सहायता आवंटित कर चुकी है।


सब्सिडी की पूरी जानकारी

1 किलोवाट के सोलर पैनल पर: ₹30,000 की सब्सिडी

2 किलोवाट के सोलर पैनल पर: ₹60,000 की सब्सिडी

3 किलोवाट के सोलर पैनल पर: ₹78,000 की सब्सिडी

केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकारें भी अपने स्तर पर अतिरिक्त सब्सिडी देकर इस योजना को और आकर्षक बना रही हैं। जैसे दिल्ली में ₹30,000 की अतिरिक्त सब्सिडी मिल सकती है, जबकि बिहार में बीपीएल परिवारों को मुफ्त में सोलर पैनल दिए जा रहे हैं।

एक करोड़ घरों को मिलेगी राहत

फरवरी 2024 से लागू हुई इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश के एक करोड़ घरों की छतों को सौर ऊर्जा से रोशन करना है। योजना के तहत 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने से एक परिवार को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल सकती है, जो एक औसत परिवार की जरूरत के लिए काफी है। इस पहल से न सिर्फ परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है, बल्कि यह देश को स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में भी आगे बढ़ा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।