PM Surya Ghar Scheme: पीएम सूर्य घर स्कीम ने कमाल किया है। इस स्कीम से करीब 19 लाख परिवारों का बिल जीरो हो गया है। इस स्कीम की शुरुआत फरवरी 2024 में हुई थी। अब तक 48 लाख से ज्यादा परिवार इस स्कीम का लाभ उठा चुके हैं। सरकार ने इस स्कीम के फायदों के बारे में लोकसभा में बताया।
स्कीम के तहत 40 लाख रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गए
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एक सवाल के जवाब में बताया कि इस स्कीम के तहत छतों पर सोलर पैनल लगवाने वाले करीब 19 लाख परिवारों का बिजली बिल कम से कम एक बिलिंग साइकिल में जीरो रहा। मिनिस्ट्री ऑफ न्यू एंड रिन्यूएबल्स एनर्जी के मुताबिक, इस साल 24 जुलाई तक 40,07,355 रूफटॉप सोलर सिस्टम्स लगाए चुके थे। स्कीम के तहत इस वित्त वर्ष में एक करोड़ परिवारों को लाने का टारगेट है।
सात दिनों में स्कीम के तहत 1 लाख सोलर सिस्टम लगे
सरकार ने बताया कि इस स्कीम के तहत सोलर पैनल लगाने की रफ्तार बढ़ी है। करीब 7 दिनों में एक लाख सोलर पैनल लगाए गए हैं। शुरुआत में इस स्कीम में कम दिलचस्पी दिखी थी। लेकिन, अब परिवार तेजी से अपने छतों पर इस स्कीम के तहत सोलर पैनल लगवा रहे हैं।
सबसे ज्यादा फायदा महाराष्ट्र के परिवारों ने उठाया
पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनियों के डेटा के मुताबिक, इस स्कीम के तहत जिन 18.93 लाख परिवारों का बिजली बिल जीरो हुआ है, उनमें सबसे ज्यादा 4.17 लाख परिवार महाराष्ट्र के हैं। 1.91 लाख के साथ केरल दूसरे नंबर पर है। छत्तीसगढ़ में 16,450 कंज्यूमर्स का बिजली बिल कम से कम एक बिलिंग साइकिल में जीरो हो गया है।
स्कीम के तहत मिलती है केंद्र सरकार की सब्सिडी
इस स्कीम के तहत छत पर सोलर पैनल लगवाने पर सरकार की तरफ से सब्सिडी मिलती है। 1 KW का सिस्टम लगवाने पर सब्सिडी 30,000 रुपये है। 2 KW का सिस्टम लगवाने पर सब्सिडी 60,000 रुपये और 3 KW का सिस्टम लगवाने पर सब्सिडी 78,000 रुपये है। इस स्कीम के तहत मैक्सिमम सब्सिडी 78,000 रुपये है।
सब्सिडी से कुल खर्च का 40-60 फीसदी हिस्सा कवर
सरकार के मुताबिक, इस स्कीम के तहत सोलर सिस्टम पर लगवाने पर आने वाले कुल खर्च का 40 से 60 फीसदी हिस्सा सब्सिडी से कवर हो जाता है। उत्तर प्रदेश कुछ राज्यों में राज्य सरकार की तरफ से अतिरिक्त 30,000 रुपये की सब्सिडी मिलती है। इससे सोलर सिस्टम लगवाने की कुल कॉस्ट और कम हो जाती है।
कुछ ही सालों में कुल कॉस्ट की हो जाती है भरपाई
सोलर सिस्टम लगवाने के कुछ ही सालों में कुल कॉस्ट की भरपाई हो जाती है। इसे एक उदाहरण की मदद से समझा जा सकता है। मान लीजिए एक परिवार 3 KW का सोलर सिस्टम लगवाता है, जिस पर कुल खर्च करीब 1.8 लाख रुपये आता है। पीएम सूर्य घर योजना के तहत केंद्र सरकार की 78,000 रुपये की सब्सिडी के बाद कंज्यूमर की जेब से होने वाला खर्च घटकर 1.08 लाख रुपये रह जाता है।
उदाहरण से समझें पूरा कैलकुलेशन
अब मान लीजिए एक परिवार की बिजली की कुल खपत एक महीने में 900 यूनिटस है और प्रति यूनिट टैरिफ 8 रुपये है। इससे एक महीने में बिजली का बिल करीब 7,200 रुपये आएगा। 3 KW का सोलर सिस्टम एक महीने में करीब 250-300 यूनिट्स बिजली पैदा करता है। अगर हर महीने यह सिस्टम औसतन 275 यूनिट्स बिजली पैदा करता है तो इसका मतलब है कि हर महीने बिजली बिल में 2,200 रुपये की बचत होगी। साल में यह 26,400 रुपये होता है। इसका मतलब है कि करीब चार साल में कुल कॉस्ट कवर हो जाएगा।