Post Office RD Interest Rate: अगर आप भी पोस्ट ऑफिस आरडी में निवेश करने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। त्योहारी सीजन में सरकार ने पोस्ट ऑफिस की 5 साल की रेकरिंग डिपॉजिट (Recurring Deposit - RD) पर ब्याज दर बढ़ा दी है। ये नई दरें कल 1 अक्टूबर से लागू होंगी। अभी तक 5 साल की आरडी पर आपको 6.5 फीसदी की दर से ब्याज मिल रहा था, लेकिन 1 अक्टूबर से आपको 6.7 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। सरकार ने इसमें 20 बेसिस प्वाइंट यानी 0.20 फीसदी की बढ़ोतरी की है। अब आपको बताते हैं कि अगर आप हर महीने आरडी में 2000, 3000 या 5000 रुपये हर महीना निवेश करते हैं तो आपको कितना रिटर्न मिलेगा।
RD में 2,000 रुपये निवेश करने पर
अगर आप 5 साल के लिए 2,000 रुपये प्रति माह की आरडी शुरू करने जा रहे हैं, तो आप एक साल में 24,000 रुपये और 5 साल में 1,20,000 रुपये का निवेश करेंगे। ऐसे में नई ब्याज दर यानी 6.7 फीसदी के हिसाब से 22,732 रुपये ब्याज के तौर पर मिलेंगे। 5 साल बाद आपकी निवेश की रकम मूल और ब्याज मिलाकर कुल 1,42,732 रुपये हो जाएगी.
RD में 3,000 रुपये निवेश करने पर
अगर आप हर महीना 3,000 रुपये RD में निवेश करते हैं तो एक साल में 36,000 रुपये निवेश करेंगे। 5 साल में आपका कुल निवेश 1,80,000 रुपये होगा। पोस्ट ऑफिस आरडी कैलकुलेटर के मुताबिक नई ब्याज दरों के मुताबिक आपको 34,097 रुपये ब्याज के तौर पर मिलेंगे। आपको मैच्योरिटी पर कुल 2,14,097 रुपये मिलेंगे।
RD में 5,000 रुपये निवेश करने पर
हर महीने 5,000 रुपये की आरडी में एक साल में 60,000 रुपये और पांच साल में कुल 3,00,000 रुपये निवेश करेंगे। आपको 5 साल बाद 6.7 फीसदी की दर से 56,830 रुपये ब्याज के रूप में मिलेंगे। आपको मैच्योरिटी पर 3,56,830 रुपये मिलेंगे।
हर तीन महीने में ब्याज दरों की होती है समीक्षा
केंद्र सरकार का वित्त मंत्रालय हर तीन महीने में छोटी बचत योजनाओं पर मिलने वाले ब्याज को रिल्यू करता है। इस बार अक्टूबर से दिसंबरक की त्योहारी सीजन वाली तिमाही में सरकार ने सिर्फ 5 साल की रेकरिंग डिपॉजिट पर ब्याज दरों में बदलाव किया है। बाकी योजनाओं पर पुरानी दर पर ब्याज दरें लागू की गई हैं।