Property Buying: हर किसी के मन में यह सवाल कभी न कभी जरूर आता है कि क्या उन्हें अपने होमटाउन में प्रॉपर्टी लेनी चाहिए या दिल्ली, बेंगलुरु, गुड़गांव या हैदराबाद जैसे किसी बड़े शहर में पैसा लगाना चाहिए जहां नौकरियां और कीमतें दोनों तेजी से बढ़ रही हैं। यह फैसला सिर्फ कैलकुलेशन का नहीं, बल्कि इमोशन और भविष्य की जरूरतों का भी है। आइए आपको बताते हैं इसके फायदे और नुकसान।
अपने शहर में कम जोखिम के साथ होता है सुकून
अपने होमटाउन में घर खरीदना अक्सर सुरक्षा और समझदारी का सौदा लगता है। आप वहां के बाजार को जानते हैं, बिल्डर पर भरोसा कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर खुद साइट पर जाकर देखरेख कर सकते हैं। यहां कीमतें महानगरों के मुकाबले कम होती है, जिससे आप पर होम लोन का बोझ कम रहता है। भविष्य में रिटायरमेंट के लिहाज से भी यह एक व्यावहारिक फैसला है। हालांकि, छोटे शहरों में प्रॉपर्टी की कीमतें बहुत धीरे बढ़ती है। अगर वहां रोजगार के नए अवसर या बड़ी कंपनियां नहीं आ रही हैं, तो आपकी प्रॉपर्टी की वैल्यू तो बनी रहेगी, लेकिन वह बहुत तेजी से नहीं बढ़ेगी।
महानगरों में हाई रिटर्न की संभावना
बेंगलुरु, पुणे या नोएडा जैसे शहरों में निवेश करने का मतलब है डेवलपमेंट की लहर पर सवार होना। जहां दफ्तर खुलते है, वहां लोग आते हैं और जहां लोग आते हैं, वहां घर की मांग बढ़ती है। अगर आप किसी मेट्रो लाइन या आईटी पार्क के पास प्रॉपर्टी लेते हैं, तो अगले 5-10 सालों में उसकी कीमत कई गुना बढ़ सकती है। साथ ही, यहां किराए से होने वाली कमाई भी अच्छी होती है। हालांकि, वहां घर लेना काफी महंगा है। शुरुआती निवेश बड़ा होता है और अगर आपने किसी गलत प्रोजेक्ट या बहुत महंगे दाम पर घर ले लिया, तो मुनाफा कम हो सकता है। दूसरे शहर में रहकर किराएदार को संभालना भी एक बड़ी चुनौती है।
निवेश करने से पहले यह स्पष्ट होना जरूरी है कि आपका असली मकसद क्या है:
किराया चाहिए या रहने के लिए घर: अगर आप हर महीने अच्छी रेंटल इनकम चाहते हैं, तो जॉब हब वाले बड़े शहर बेहतर है।
पैसा बढ़ाना है या बचाना: अगर लक्ष्य लंबे समय में पैसे को कई गुना करना है, तो बुनियादी ढांचे और माइग्रेशन ट्रेंड्स को देखें।
भावनाएं कितनी जरूरी हैं: अगर आप भविष्य में अपने माता-पिता के पास या अपने पुरानी जड़ों में लौटना चाहते है, तो होमटाउन ही सबसे अच्छा ऑप्शन है।
प्रॉपर्टी में निवेश का कोई एक 'सही' जवाब नहीं होता। पैसा वहां बढ़ता है जहां मांग होती है, लेकिन मानसिक शांति वहां मिलती है जहां आप सुरक्षित महसूस करते हैं। कई लोग समझदारी दिखाते हुए बड़े शहर में रिटर्न के लिए छोटा निवेश करते हैं और अपने शहर में रहने के लिए एक घर रखते हैं। हालांकि, आपका फैसला लॉजिक और इमोशन के बीच का एक सही संतुलन वाला होना चाहिए।