DDA Awaas Yojana 2026: दिल्ली में सस्ता घर खरीदने का सुनहरा मौका! डीडीए लाया बंपर ऑफर, जानें किसे मिलेगी 25% छूट और कैसे करें अप्लाई

DDA Karmajeevi Awaas Yojana 2026: देश की राजधानी में अपना एक आशियाना होना हर किसी का सपना होता है। लेकिन आसमान छूती कीमतों की वजह से घर लेने का सपना अक्सर अधूरा रह जाता है। अब दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) एक ऐसी स्कीम लेकर आया है, जिसने प्रॉपर्टी बाजार में हलचल मचा दी है। रेडी-टू-मूव फ्लैट्स 25% डिस्काउंट के साथ मिल रहा है

अपडेटेड Aug 13, 2026 पर 4:43 PM
DDA Karmajeevi Awaas Yojana 2026: दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) ने 'कर्मजीवी आवास योजना 2026' को लॉन्च कर दी है

DDA Karmajeevi Awaas Yojana 2026: दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी DDA ने 'कर्मजीवी आवास योजना 2026' (Karmajeevi Awaas Yojana 2026) लॉन्च कर दी है। इसके तहत दिल्ली के नरेला में 1,224 रेडी-टू-मूव फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि इन फ्लैटों पर 25% की छूट दी जा रही है। घरों का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' पॉलिसी के आधार पर होगा।

योजना खास तौर पर सरकारी कर्मचारियों, रिटायर्ड कर्मचारियों और विभिन्न क्षेत्रों के योग्य प्रोफेशनल्स को ध्यान में रखकर लाई गई है। ऐसे में अगर आप भी इस कैटेगरी में आते हैं तो अप्लाई की प्रक्रिया, फ्लैट की कीमत, बुकिंग राशि और आखिरी तारीख जानना बेहद जरूरी है।

कहां मिलेंगे ये फ्लैट?


DDA की यह योजना उत्तर-पश्चिम दिल्ली के नरेला में स्थित है। फ्लैट पॉकेट 11, सेक्टर A1 से A4 में बनाए गए हैं। फ्लैट के लिए अप्लाई करने वाला व्यक्ति भारतीय नागरिक और बालिग होना चाहिए।

किन लोगों को मिलेगा अप्लाई का मौका?

यह स्कीम दो तरह के आवेदकों के लिए है। पहली कैटेगरी में केंद्र और राज्य सरकारों, पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स (PSUs), ऑटोनॉमस बॉडीज, पब्लिक सेक्टर बैंकों, लोकल बॉडीज, सरकारी यूनिवर्सिटीज और सरकारी अस्पतालों के मौजूदा और रिटायर हो चुके रेगुलर कर्मचारी शामिल हैं। जबकि रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरी कैटेगरी में प्रोफेशनल रूप से क्वालिफाइड लोग जैसे डॉक्टर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, आर्किटेक्ट, प्लानर, इंजीनियर, साइंटिस्ट और टीचर शामिल हैं।

फ्लैट की डिटेल्स और बुकिंग की रकम

ऑफर किए जा रहे 1,224 फ्लैट में से 384 फ्लैट 1-BHK, 432 फ्लैट 2-BHK और 408 फ्लैट 3-BHK हैं। 1-BHK फ्लैट का कारपेट एरिया लगभग 60-61 वर्ग मीटर है। जबकि 3-BHK फ्लैट का एरिया 164-184 वर्ग मीटर के बीच है। आवेदकों को 1-BHK फ्लैट के लिए 50,000 रुपये, 2-BHK के लिए 4 लाख रुपये और 3-BHK फ्लैट के लिए 10 लाख रुपये की बुकिंग रकम जमा करनी होगी।

यह रकम फ्लैट की फाइनल कीमत में एडजस्ट कर दी जाएगी। लेकिन बुकिंग कैंसिल होने पर इसे वापस नहीं किया जाएगा। टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की रिपोर्ट के मुताबिक, DDA ने यह भी साफ किया है कि जिन आवेदकों के पास पहले से प्रॉपर्टी है, उन पर कोई रोक नहीं है। खरीदार अलग-अलग कैटेगरी में कई फ्लैट खरीद सकते हैं।

रजिस्ट्रेशन प्रकिया कब शुरू होगी?

इस हाउसिंग स्कीम के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 24 जुलाई 2026 से शुरू हो चुका है। आवेदक DDA Awaas Portal के माध्यम से फ्लैट के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इसके लिए आवेदक को ₹2,500 की गैर-वापसी योग्य रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी।

फ्लैट अलॉटमेंट की प्रक्रिया

फ्लैट की बुकिंग 15 अगस्त से शुरू होगी। फ्लैट चुनने के बाद, आवेदक को बुकिंग की रकम ऑनलाइन जमा करने के लिए 15 मिनट का समय मिलेगा। यह स्कीम 30 अक्टूबर, 2026 तक या सभी फ्लैट बिकने तक खुली रहेगी। सफल आवेदकों को 'डिमांड-कम-अलॉटमेंट लेटर' मिलने के 60 दिनों के अंदर बाकी रकम जमा करनी होगी। उन्हें 10% साधारण ब्याज के साथ 30 दिनों का ग्रेस पीरियड मिलेगा।

जरूरी दस्तावेज

सरकारी और PSU कर्मचारियों को अपना एम्प्लॉई या पेंशनर आइडेंटिटी कार्ड या एम्प्लॉयर सर्टिफिकेट के साथ सैलरी स्लिप या फॉर्म 16 जमा करना होगा। प्रोफेशनल्स को एप्लीकेशन प्रोसेस पूरी करने के लिए अपना डिग्री सर्टिफिकेट और साथ में प्रोफेशनल रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, लेटेस्ट इनकम टैक्स रिटर्न (ITR), या एम्प्लॉई आइडेंटिटी कार्ड या एम्प्लॉयर सर्टिफिकेट में से कोई एक देना होगा।

फ्लैट मिलने के बाद पूरा पैसा कब देना होगा?

सफल आवेदक को डिमांड-कम-अलॉटमेंट लेटर (Demand-cum-Allotment Letter) मिलने के बाद बची हुई रकम का भुगतान 60 दिनों के भीतर करना होगा। अगर किसी कारण से 60 दिनों में भुगतान नहीं हो पाता है तो अतिरिक्त 30 दिन की ग्रेस अवधि दी जाएगी। हालांकि, इस अवधि में बकाया राशि पर 10% साधारण ब्याज देना होगा।

क्या है इस योजना की सबसे बड़ी खासियत?

DDA की इस योजना में सबसे आकर्षक बात 25% की छूट के साथ 'रेडी-टू-मूव फ्लैट' मिलना है। इसके अलावा मौजूदा प्रॉपर्टी के मालिकों के लिए भी आवेदन की अनुमति और अलग-अलग कैटेगरी में कई फ्लैट खरीदने का विकल्प इसे दूसरी योजनाओं से अलग बनाता है। लेकिन दूसरी तरफ फ्लैटों की संख्या सीमित है। आवंटन पहले आओ, पहले पाओ आधार पर होगा। इसलिए 15 अगस्त से शुरू होने वाली बुकिंग इस योजना में सबसे अहम तारीख मानी जा रही है।

ये भी पढ़ें- Sukhbir Singh Badal Attacked: पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला, नांदेड़ गुरुद्वारे के पास निहंग ने किया अटैक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।