Sukhbir Singh Badal Attacked: पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला, नांदेड़ गुरुद्वारे के पास निहंग ने किया अटैक

Sukhbir Singh Badal Attacked: पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार (13 अगस्त) को महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब में तख्त श्री हजूर साहिब के पास माता साहिब गुरुद्वारे के नजदीक हमला हुआ। इसे जानलेवा हमला बताया जा रहा है। बादल पर एक निहंग ने हमला किया

अपडेटेड Aug 13, 2026 पर 3:52 PM
Sukhbir Singh Badal Attacked: अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को हमला हुआ

Sukhbir Singh Badal Attacked: महाराष्ट्र के नांदेड़ गुरुद्वारे के पास गुरुवार (13 अगस्त) को पंजाब के पूर्व डिप्टी CM और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर एक निहंग ने हमला कर दिया। हाथ में चोट लगने के बाद सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल ले जाया गया है। न्यूज 18 के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब में तख्त श्री हजूर साहिब के पास स्थित माता साहिब गुरुद्वारे के पास नजदीक किया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसे जानलेवा हमला बताया जा रहा है। एक वायरल वीडियो में बादल को एक अस्पताल के अंदर जाते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ है। इससे पहले दिन में बादल अकाली दल की सांसद एवं अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब गए थे।

हाथ में आई चोट, इलाज जारी


न्यूज एजेंसी ANI ने बताया, "पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल को नांदेड़ गुरुद्वारे के अंदर एक निहंग के हमले के बाद अस्पताल ले जाया गया। उनके हाथ में चोट आई है।" हमले के बाद उन्हें इलाज के लिए एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि हमले में एक पुलिस वाला भी घायल हो गया।

न्यूज 18 के मुताबिक, यह हमला गुरुवार सुबह 11:30 बजे हुआ जब बादल गुरुद्वारे जा रहे थे। एक निहंग उनके पास आया और उन्हें चाकू मारने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत बीच-बचाव किया। लेकिन, इस हमले में बादल को चोटें आईं। स्पेशल सिक्योरिटी में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे पर भी हजूर साहिब नांदेड़ में माता साहिब गुरुद्वारे के पास हमला हुआ। इसमें वह घायल हो गए। हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है।

इससे पहले गुरुवार को, बादल अपने परिवार के साथ नांदेड़ में तख्त श्री हजूर साहिब गए थे। जब हमला हुआ, तब उनकी पत्नी और अकाली दल की MP हरसिमरत कौर बादल भी मौजूद थीं। हालांकि, उन पर हमला नहीं हुआ और वे सुरक्षित हैं।

CCTV फुटेज की जांच शुरू

घटना के बाद रिकॉर्ड किए गए फुटेज में बादल अपने दाहिने हाथ पर भगवा कपड़ा लपेटे हुए चलते हुए दिख रहे हैं। पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बादल पर हमला किस वजह से किया गया। यह हमला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब चुनाव से पहले गठबंधन को फिर से खड़ा करने के बारे में SAD चीफ से मिलने के कुछ दिनों बाद हुआ है।

हमलावर जसपाल सिंह कौन है?

न्यूज 18 के मुताबिक, जसपाल सिंह नाम के एक निहंग ने हुजूर साहिब गुरुद्वारे में बादल पर हमला किया। जसपाल सिंह पिछले दो साल से गुरुद्वारे में काम कर रहा था। हमले के पीछे का मकसद अभी साफ नहीं है। उसने हमला करने के लिए कृपाण का इस्तेमाल किया।

ये भी पढ़ें- Ram Mandir Chadhawa Chori: यूनिफॉर्म में जेब ही नहीं होगी तो कैसे करेंगे चोरी! राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती के नए नियम सामने आए

जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। SP नांदेड़ रोहन नीलाभ ने न्यूज एजेंसी IANS को इसकी पुष्टि की। इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बादल पर हुए हमले के बारे में नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से जानकारी मांगी है। मुख्यमंत्री ने हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।