DDA Nagrik Awas Yojana: दिल्ली में 25% डिस्काउंट वाले DDA के सरकारी MIG, HIG फ्लैट्स की बुकिंग शुरू, जानिए कीमत और खरीदने के सारे नियम

DDA Nagrik Awas Yojana: देश की राजधानी में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की नागरिक आवास योजना एक बड़ा मौका लेकर आई है। DDA ने रक्षाबंधन के अवसर पर नरेला में 1,287 फ्लैटों की योजना शुरू की है। खास बात यह है कि इन फ्लैटों पर 25 फीसदी की छूट दी जा रही है

अपडेटेड Aug 28, 2026 पर 12:55 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
DDA Nagrik Awas Yojana: फ्लैट का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगा

DDA Nagrik Awas Yojana 2026: दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने रक्षाबंधन के मौके पर 'नागरिक आवास योजना' लॉन्च की है। इस योजना के तहत नरेला के अलग-अलग सेक्टर में 1,287 HIG और MIG फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग आज यानी 28 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शुरू हो रही है। DDA ने इस योजना के तहत घर खरीदारों को 25 फीसदी तक की छूट देने का भी ऐलान किया है।

फ्लैटों का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' (First Come, First Served) के आधार पर किया जाएगा। यानी जो खरीदार पहले बुकिंग करेगा, उसके पास पसंद का फ्लैट हासिल करने का बेहतर मौका रहेगा। DDA Nagrik Awas Yojana के तहत HIG और MIG कैटेगरी के फ्लैट नरेला के सेक्टर A-1 से A-4 में स्थित हैं। DDA के मुताबिक, फ्लैट पूरी तरह तैयार है यानी रेडी-टू-मूव-इन हैं। खरीद की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनमें रहने के लिए शिफ्ट किया जा सकता है।

नरेला में कहां मिलेंगे फ्लैट?


DDA की यह योजना नरेला के सेक्टर A1 से A4 में स्थित फ्लैटों के लिए है। योजना में अलग-अलग पॉकेट में HIG और MIG कैटेगरी के फ्लैट शामिल किए गए हैं।

HIG फ्लैट

पॉकेट-3: 230 फ्लैट, कीमत करीब ₹1.00 करोड़ प्रति फ्लैट

पॉकेट-4: 267 फ्लैट, कीमत ₹96.86 लाख प्रति फ्लैट

MIG फ्लैट

पॉकेट-3: 386 फ्लैट, कीमत ₹73.02 लाख प्रति फ्लैट

पॉकेट-2: 404 फ्लैट, कीमत ₹73.71 लाख प्रति फ्लैट

नरेला में कनेक्टिविटी पर भी जोर

DDA ने इस योजना को केवल घरों की बिक्री तक सीमित नहीं रखा है। बल्कि विज्ञापन में नरेला को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाओं वाला उभरता आवासीय क्षेत्र बताया गया है।

आगामी मेट्रो स्टेशन, सेक्टर A-4: करीब 1 किलोमीटर दूर।

प्रस्तावित नरेला RRTS स्टेशन: करीब 1.5 किलोमीटर दूर।

बेहतर कनेक्टिविटी: 100 मीटर रोड और सिटी कैनाल रोड करीब 500 मीटर की दूरी पर बताई गई है।

नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: सेक्टर A-7 में करीब 1 किलोमीटर दूर।

प्रस्तावित मल्टी-स्पोर्ट्स इंटीग्रेटेड स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: करीब 9 किलोमीटर की दूरी पर।

एजुकेशन हब: पोस्टर के अनुसार यहां प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के लिए भूमि आवंटित की गई है।

25% छूट का मिलेगा फायदा

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत 25 फीसदी की भारी डिस्काउंट है। यानी पात्र खरीदारों को DDA के इन फ्लैटों की कीमत में घोषित डिस्काउंट का फायदा मिलेगा। हालांकि, वास्तविक भुगतान राशि संबंधित फ्लैट और लागू शर्तों के अनुसार देखना जरूरी होगा।

रेडी-टू-मूव हैं फ्लैट

इन फ्लैटों की एक खास बात यह है कि ये पूरी तरह रेडी-टू-मूव हैं। यानी खरीद की प्रक्रिया पूरी होने के बाद खरीदार इनमें रहने के लिए शिफ्ट कर सकता है। इसके अलावा ये फ्रीहोल्ड प्रॉपर्टी हैं। बुकिंग करने से पहले खरीदारों के लिए सैंपल फ्लैट देखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे ग्राहक फ्लैट की बनावट और सुविधाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखकर फैसला ले सकते हैं।

पूरी बुकिंग ऑनलाइन होगी

DDA ने इस योजना की बुकिंग प्रक्रिया को ऑनलाइन रखा है। इच्छुक लोग DDA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन और बुकिंग कर सकते हैं। इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण बात इसका आवंटन सिस्टम है। फ्लैट 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका मतलब है कि बुकिंग जितनी जल्दी की जाएगी। उपलब्ध विकल्पों में पसंद का फ्लैट हासिल करने की संभावना उतनी बेहतर रहेगी।

बुकिंग कब से शुरू?

28 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे से बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के लिए DDA की आधिकारिक वेबसाइट या DDA e-Services पोर्टल पर जाना होगा। किसी तरह की सहायता या जानकारी के लिए DDA ने हेल्पलाइन नंबर 1800110332 भी जारी किया है।

बुकिंग से पहले इन बातों का रखें ध्यान

चूंकि फ्लैटों का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाना है। इसलिए इच्छुक खरीदारों को बुकिंग शुरू होने के समय से पहले जरूरी दस्तावेज और ऑनलाइन प्रक्रिया की तैयारी कर लेनी चाहिए। साथ ही, भुगतान करने से पहले फ्लैट की कैटेगरी, कीमत, छूट, लोकेशन और योजना की विस्तृत शर्तों को आधिकारिक DDA पोर्टल पर जरूर जांच लें।

ये भी पढ़ें- Nepal Flood update: नेपाल में बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 469 हुई, 290 भारतीय नागरिक अभी भी लापता, चीन ने फिर जारी किया अलर्ट

DDA इस परियोजना को भविष्य में मेट्रो, RRTS, खेल सुविधाओं और एजुकेशन हब से जुड़ने वाले आवासीय क्षेत्र के तौर पर पेश कर रहा है। DDA ने हाउसिंग स्कीम के प्रचार में यह भी बताया है कि विजिट के लिए सैंपल फ्लैट उपलब्ध हैं। इसलिए बड़ी रकम इनवेस्ट का फैसला लेने से पहले इच्छुक खरीदार फ्लैट को मौके पर देखकर, लोकेशन और आसपास की सुविधाओं की जांच करके ही बुकिंग करना बेहतर रहेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।