Gurugram Real Estate: गोल्फ कोर्स रोड को टक्कर दे रहा द्वारका एक्सप्रेसवे! 5 साल में 135% बढ़े प्रॉपर्टी के दाम!
Dwarka Expressway vs Golf Course: दिल्ली-गुरुग्राम को जोड़ने वाला द्वारका एक्सप्रेसवे अब सस्ते और किफायती घरों के बजाय लक्जरी हाउसिंग का नया सेंटर बन चुका है। ANAROCK और स्क्वायर यार्ड की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 5 सालों में यहां प्रॉपर्टी की कीमतें 135% तक बढ़ गए हैं। जानिए क्या यह प्रॉपर्टी में निवेश का सही समय है?
एक्सप्रेसवे के आसपास लक्जरी प्रोजेक्ट्स का दबदबा तेजी से बढ़ा है
Dwarka Expressway Real Estate Price Hike: दिल्ली और गुरुग्राम को जोड़ने वाला द्वारका एक्सप्रेसवे अब सिर्फ एक कनेक्टिविटी रोड नहीं रह गया है, बल्कि यह गुरुग्राम के सबसे पसंदीदा लक्जरी हाउसिंग हब के रूप में उभर रहा है। प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी फर्म ANAROCK के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 5 सालों में इस इलाके में प्रॉपर्टी की कीमतों में 135% की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कभी किफायती घरों के लिए जाना जाने वाला यह इलाका अब गुरुग्राम के सबसे महंगे और प्रीमियम पते माने जाने वाले गोल्फ कोर्स रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड की पुरानी बादशाहत को खुली चुनौती दे रहा है।
आइए आसान भाषा में समझते हैं कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर अचानक प्रॉपर्टी के दाम क्यों बढ़े, आंकड़े क्या कहते हैं और क्या यहां अब पैसा लगाना सही है।
आंकड़ों में समझिए: 5 साल में कितना बदला द्वारका एक्सप्रेसवे?
ANAROCK और Square Yards की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सप्रेसवे के आसपास लक्जरी प्रोजेक्ट्स का दबदबा तेजी से बढ़ा है:
135% की तगड़ी उछाल: पिछले 5 वर्षों के दौरान इस कॉरिडोर पर औसतन 135% तक प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ी हैं।
प्रति वर्ग फुट का भाव: फिलहाल द्वारका एक्सप्रेसवे पर प्रॉपर्टी का औसत रेट ₹21,700 से ₹24,000 प्रति वर्ग फुट के स्तर पर पहुंच गया है।
₹2.5 करोड़+ वाले घरों का दबदबा: अब इस इलाके में ₹2.5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले लक्जरी घर सबसे ज्यादा बिक रहे हैं।
3 और 4 BHK की सबसे ज्यादा मांग: नए लॉन्च होने वाले प्रोजेक्ट्स में 3-BHK फ्लैट्स की हिस्सेदारी अकेले 39% है, जबकि बाकी में बड़े 4-BHK और लक्जरी अपार्टमेंट्स शामिल हैं।
2025 में नए प्रोजेक्ट्स: स्क्वायर यार्ड के मुताबिक, साल 2025 में इस कॉरिडोर पर करीब 14,000 नए मकान लॉन्च हुए और यहां करीब 115 एक्टिव रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं।
आखिर क्यों अचानक इतनी बढ़ी मांग?
शानदार कनेक्टिविटी: 29 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका को सीधे गुरुग्राम (NH-48) से जोड़ता है। इसके चालू होने से आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट, साइबर सिटी, उद्योग विहार और मानेसर पहुंचना बेहद आसान हो गया है।
बड़े साइज के प्लॉट्स और कम डेंसिटी: गोल्फ कोर्स रोड जैसे पुराने और विकसित इलाकों में अब नई जमीन मिलना मुश्किल है। डेवलपर्स को एक्सप्रेसवे पर बड़े लैंड पार्सल मिल रहे हैं, जिससे वे खुले स्पेस और कम डेंसिटी (कम भीड़-भाड़) वाले लक्जरी टाउनशिप बना रहे हैं।
'ग्लोबल सिटी' प्रोजेक्ट का फायदा: गुरुग्राम में बनने वाले आगामी ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट ने भी इस पूरे बेल्ट के कमर्शियल और इंप्लॉयमेंट इकोसिस्टम को मजबूती दी है।
अमीर खरीदारों का रुझान: राइज इन्फ्रावेन्चर्स के मुताबिक, परिवारों की बढ़ती कमाई और वेल्थ क्रिएशन के कारण अब असली खरीदार बड़े और महंगे घरों में इन्वेस्ट कर रहे हैं।
गोल्फ कोर्स रोड vs द्वारका एक्सप्रेसवे: क्या वाकई मुकाबला बराबर का है?
विशेषज्ञों का कहना है कि दोनों की तुलना पूरी तरह एक जैसी नहीं की जा सकती:
गोल्फ कोर्स रोड: यह एक मैच्योर लक्जरी मार्केट है, जहां दशकों से बेहतरीन स्कूल, अस्पताल, मॉल और दफ्तर बने हुए हैं।
द्वारका एक्सप्रेसवे: यह एक उभरता हुआ लक्जरी कॉरिडोर है। इसका इंफ्रास्ट्रक्चर नया है, लेकिन सामाजिक सुविधाएं (स्कूल, अस्पताल) अभी धीरे-धीरे विकसित हो रही हैं।
क्या इतने ऊंचे दामों पर बिक्री कायम रहेगी?
इतनी तेजी से दाम बढ़ने के बाद अब बड़ा सवाल यह है कि क्या भविष्य में भी खरीदार इसी रफ्तार से मिलेंगे?
इन्वेंट्री ओवरहैंग: ANAROCK के मुताबिक, इस कॉरिडोर का इन्वेंट्री ओवरहैंग फिलहाल 18 महीने का है। इसका मतलब है कि बाजार में मौजूद अनसोल्ड फ्लैट्स को मौजूदा बिक्री दर से बिकने में लगभग 1.5 साल का समय लगेगा, जो कि रियल एस्टेट के लिहाज से काफी सुरक्षित और नियंत्रित माना जाता है।
भविष्य की चुनौती: 2025 में 14,000 नए फ्लैट्स आने के बाद अगर डेवलपर्स कीमतें बहुत ज्यादा बढ़ाते रहे, तो नए प्रोजेक्ट्स के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। तब बिल्डर्स को सिर्फ कनेक्टिविटी के नाम पर नहीं, बल्कि फ्लैट के डिजाइन, क्वालिटी और एमिनिटीज (सुविधाओं) के दम पर घर बेचने होंगे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।