पश्चिम बंगाल सरकार ने हाल ही में स्टाम्प शुल्क में कटौती करने का फैसला किया था, जिसके बाद से कोलकाता के रियल एस्टेट मार्केट में नई जान आ गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक कोलकाता में जुलाई से सितंबर तिमाही के दौरान घरों का रजिस्ट्रेशन दोगुना से भी अधिक बढ़ गया है।
प्रॉपर्टी कंसल्टेंट नाइट फ्रैंक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोलकाता महानगर इलाके में जुलाई से सितंबर तिमाही के दौरान 15,160 आवासीय घरों का रजिस्ट्रेशन हुआ है, जो इससे पिछले वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले 122 पर्सेंट अधिक है।
Power Crisis: देश के बिजली संकट से किसे हो रहा है सबसे ज्यादा फायदा?
घरों के रजिस्ट्रेशन में इस उछाल के पीछे बंगाल सरकार के स्टाम्प शुल्क में कटौती के फैसले को देखा जा रहा है। पश्चिम बंगाल सरकार ने जुलाई, 2021 में राज्य का बजट पेश करने के दौरान सभी तरह दस्तावेजों के रजिस्ट्रेशन पर स्टाम्प शुल्क में दो प्रतिशत की कटौती का ऐलान किया था।
आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई, अगस्त और सितंबर में घरों का रजिस्ट्रेशन सालाना आधार पर क्रमश: 39 प्रतिशत, 268 प्रतिशत और 80 प्रतिशत बढ़ गया। अगस्त में कुल 7,316 यूनिट्स का रजिस्ट्रेशन हुआ, जो इस साल किसी भी एक महीने में हुई बिक्री का सबसे ऊंचा स्तर है।
नाइट फ्रैंक ने कहा कि स्टाम्प शुल्क में छूट का लाभ उन दस्तावेजों के लिए उपलब्ध है, जिनका पंजीकरण नौ जुलाई, 2021 से 30 अक्टूबर, 2021 के बीच पूरा होगा। नाइट फ्रैंक ने बताया कि स्टाम्प शुल्क में कटौती के अलावा सर्किल दरों में भी 10 प्रतिशत की कमी की गई है, जिसके चलते लोग घर खरीदने के लिए आगे आ रहे हैं।