Housing Sales : जनवरी-मार्च तिमाही में गुरुग्राम में घरों की बिक्री 12% घटी, लेकिन नोएडा में उछाल

एनारॉक के वाइस चेयरमैन संतोष कुमार ने कहा कि गुरुग्राम में मांग मजबूत बनी हुई है, लेकिन नई सप्लाई में गिरावट के कारण बिक्री घट गई। कई बिल्डरों को प्रोजेक्ट्स शुरू करने की मंजूरी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद गुरुग्राम में और अधिक हाउसिंग प्रोजेक्ट्स शुरू की जाएंगी

अपडेटेड Mar 31, 2024 पर 6:46 PM
Story continues below Advertisement
Housing sales : जनवरी-मार्च तिमाही में गुरुग्राम में हाउसिंग सेल्स सालाना आधार पर 12 फीसदी घट गई

Housing sales : जनवरी-मार्च तिमाही में गुरुग्राम में हाउसिंग सेल्स सालाना आधार पर 12 फीसदी घट गई, जबकि इस दौरान नोएडा में रेसिडेंशियल प्रॉपर्टीज की बिक्री में 19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। रियल एस्टेट कंसल्टेंट एनारॉक ने यह जानकारी दी है। एनारॉक के आंकड़ों से पता चला कि इस साल जनवरी-मार्च में गुरुग्राम के प्राइमरी मार्केट (फर्स्ट सेल) में हाउसिंग सेल्स 12 फीसदी घटकर 8,550 यूनिट रह गई। यह आंकड़ा एक साल पहले इसी अवधि में 9,750 यूनिट था। दूसरी ओर नोएडा में इसी अवधि में हाउसिंग सेल्स 19 परसेंट बढ़कर 1,600 यूनिट हो गई। पिछले साल की इसी अवधि में यह संख्या 1,350 यूनिट थी।

लोकसभा चुनाव के बाद बिक्री बढ़ने की उम्मीद

एनारॉक के वाइस चेयरमैन संतोष कुमार ने कहा कि गुरुग्राम में मांग मजबूत बनी हुई है, लेकिन नई सप्लाई में गिरावट के कारण बिक्री घट गई। कई बिल्डरों को प्रोजेक्ट्स शुरू करने की मंजूरी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद गुरुग्राम में और अधिक हाउसिंग प्रोजेक्ट्स शुरू की जाएंगी।


आंकड़ों के अनुसार जनवरी-मार्च तिमाही में ग्रेटर नोएडा में हाउसिंग सेल्स 19 फीसदी घटकर 2,350 यूनिट रह गई, जो एक साल पहले की अवधि में 2,900 यूनिट थी।। इस अवधि के दौरान गाजियाबाद, फरीदाबाद, भिवाड़ी और दिल्ली में बिक्री लगभग पिछले साल की समान अवधि के समान थी। कुल मिलाकर, दिल्ली-एनसीआर में रेसिडेंशियल प्रॉपर्टीज की बिक्री इस वर्ष की पहली तिमाही में 9 फीसदी घटकर 15,650 यूनिट रह गई, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 17,160 यूनिट थी।

नोएडा को लेकर ये है अनुमान

नोएडा स्थित रियल्टी फर्म मिगसन ग्रुप के एमडी यश मिगलानी ने कहा कि नोएडा खरीदारों और डेवलपर्स के लिए दिल्ली-एनसीआर में एक प्रमुख एरिया रहा है। उन्होंने नोएडा में बिक्री में बढ़ोतरी का श्रेय जेवर एयरपोर्ट समेत कई इन्फ्रॉस्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की घोषणाओं को दिया। मिगलानी ने कहा कि यह रुझान जारी रहेगा और आने वाले महीनों में नोएडा बाजार में मजबूत बिक्री देखने को मिलेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।