बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सैनन ने अलीबाग में द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) के लग्जरी प्रोजेक्ट में 2,000 वर्ग फीट का प्रीमियम प्लॉट खरीदा है। सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि यह खरीद करीब 2 करोड़ रुपये में की गई है। यह प्लॉट HoABL के प्रोजेक्ट सोल डे अलीबाग में स्थित है और इस डील पर 11 जुलाई को हस्ताक्षर किए गए।
द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा ने मनीकंट्रोल को इस ट्रांजेक्शन की पुष्टि की है, लेकिन डील की कीमत की पुष्टि नहीं की है। अलीबाग भूमि और संपत्ति में निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य बन गया है। मुंबई और अलीबाग के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने की सरकारी पहल, रियल एस्टेट के विकास को बढ़ावा दे रही है और डेवलपर्स, घर खरीदने वालों और निवेशकों को आकर्षित कर रही है। मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (MTHL) जैसे प्रमुख प्रोजेक्ट्स ने भी लग्जरी सेकंड होम की मांग में उछाल ला दिया है।
अमिताभ बच्चन ने अलीबाग में कितने में खरीदी प्रॉपर्टी
इससे पहले अप्रैल महीने में बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने अलीबाग में द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा से 10,000 वर्ग फीट का प्लॉट 10 करोड़ रुपये से अधिक में खरीदा था। अलीबाग, महाराष्ट्र में मुंबई के पास स्थित शहर है और अलीबाग बीच, वर्सोली बीच जैसे अपने सुंदर समुद्र तटों के लिए प्रसिद्ध है। HoABL के साथ अपने पहले निवेश पर कृति सैनन ने कहा, "अपने दम पर जमीन खरीदना मेरे लिए काफी सशक्त यात्रा रही है, और मैं काफी समय से अलीबाग पर नजर रखे हुए थी। मैं शांति, प्राइवेसी और अपने पोर्टफोलियो में एक बढ़िया निवेश की तलाश में थी।"
हाल ही में मुंबई में लग्जरी रियल एस्टेट सेगमेंट में कई बड़े सौदे हुए। 25 जून को एक्टर आमिर खान ने मुंबई के पाली हिल में 9.75 करोड़ रुपये में एक अपार्टमेंट खरीदा। 20 जून को, अमिताभ बच्चन ने मुंबई में वीर सावरकर सिग्नेचर बिल्डिंग में लगभग 60 करोड़ रुपये में तीन ऑफिस यूनिट खरीदीं। ये ऑफिस स्पेस मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में वीरा देसाई रोड के पास सिग्नेचर बिल्डिंग में स्थित हैं।