Lucknow Flat News: 8 लाख से 30 लाख रुपये में अपना सरकारी घर! लखनऊ में LDA इन 5 जगहों पर बनाने जा रही सस्ते मकान

Lucknow Flat News: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) नए प्रोजेक्ट के तहत उत्तर प्रदेश की राजधानी के पांच अलग-अलग क्षेत्रों में 3000 से अधिक सस्ते मकान बनाए जाएंगे। अधिकारियों द्वारा स्थलों के निरीक्षण के बाद अब इसकी डिटेल्स कार्ययोजना तैयार की जा रही है

अपडेटेड May 03, 2026 पर 2:21 PM
Story continues below Advertisement
लखनऊ के पांच अलग-अलग क्षेत्रों में 3000 से अधिक सस्ते मकान बनाए जाएंगे

Lucknow Flat News: राजधानी लखनऊ में अपना घर होने का सपना देख रहे लोगों के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) एक शानदार अवसर लेकर आया है। अक्सर लोगों के घरों का सपना बढ़ती कीमतों की वजह से सपना ही रह जाता है। ऐसे में लोगों के बीच किफायती घरों की काफी डिमांड रहती है। अब एलडीए ने अपनी इस योजना में ऐसे ही मध्यम और निम्न आय वर्ग वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए आवासीय योजना तैयार की है।

इस परियोजना के तहत लखनऊ के पांच अलग-अलग क्षेत्रों में 3000 से अधिक सस्ते मकान बनाए जाएंगे। अधिकारियों द्वारा स्थलों के निरीक्षण के बाद अब इसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

इन 5 प्रमुख स्थानों पर होगा निर्माण


प्राधिकरण ने मध्यम और अल्प आय वर्ग के लिए जिन स्थलों का चयन किया है, वे शहर के अलग-अलग कोनों को कवर करते हैं:-

मोहन रोड (अनंत नगर योजना): यहां मध्यम वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवासीय फ्लैट्स का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए स्थल का चयन हो चुका है और डीपीआर का काम जारी है।

सीतापुर रोड: शिया डिग्री कॉलेज के सामने खाली पड़ी जमीन पर मध्यम वर्ग के लिए फ्लैट बनाने की प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है।

वसंत कुंज योजना (सेक्टर-एच): इस प्राइम लोकेशन पर मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए आधुनिक बहुमंजिला फ्लैट्स का निर्माण किया जाएगा।

शारदा नगर विस्तार: यहां एलआईजी (LIG) और ईडब्ल्यूएस (EWS) दोनों श्रेणियों के मकान बनेंगे।

ऐशबाग: ऐशबाग स्थित मदरसे के पीछे की जमीन पर एलआईजी फ्लैट बनाने के प्रस्ताव को एलडीए पहले ही हरी झंडी दे चुका है।

क्या होगी कीमत?

इस विशेष आवासीय योजना का मुख्य उद्देश्य शहर में लगातार बढ़ रहे आवासीय संकट को कम करना है। बढ़ते महंगे फ्लैट्स के दौर में एलडीए की इस स्कीम के तहत मकानों की संभावित कीमत 8 लाख रुपये से 30 लाख रुपये के बीच रहने की उम्मीद है। यह किफायती दाम मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा साबित होंगे। एलडीए की स्कीम होने की वजह से ऐसे प्रोजेक्ट्स में लोगों की गाढ़ी कमाई में चपत लगने का खतरा भी नहीं होगा।

ये भी पढ़ें- Gujarat News: गुजरात पंचायत चुनाव में BJP प्रत्याशी की हुई हार, तो 4 दिन के लिए काट दी पूरे गांव की पानी सप्लाई

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।