Lucknow Housing Scheme: सिर्फ 5400 रुपए की मासिक किस्त में अपना घर वो भी सरकारी! LDA ने लखनऊ में PM आवास को लेकर किया बड़ा ऐलान

Lucknow Housing Scheme: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए महज 25 प्रतिशत भुगतान पर आवास का कब्जा देने का ऐलान लिया है। इस फैसले से हजारों परिवारों का अपने घर का सपना जल्द पूरा हो सकेगा और उन्हें किराए के मकानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा

अपडेटेड Jun 17, 2026 पर 11:46 AM
Lucknow Housing Scheme: आप सिर्फ 25% भुगतान पर घर का कब्जा कर सकते हैं

Lucknow Housing Scheme: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किराए के मकानों में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए गुड न्यूज है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को केवल 25 प्रतिशत भुगतान पर घर का कब्जा देने का फैसला किया है। इस निर्णय से लाभार्थी पूरी रकम जमा होने का इंतजार किए बिना अपने घर में परिवार के साथ रह सकेंगे। एक अधिकारी ने कहा कि इस फैसले से हजारों परिवारों का अपने घर का सपना जल्द पूरा हो सकेगा और उन्हें किराए के मकानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

कैसे कर सकेंगे अप्लाई?

इस सुविधा का लाभ देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण 30 जून से 2 जुलाई, 2026 तक अपने भवन के कमेटी हॉल में स्पेशल कैंप लगाएगा। इस कैंप में प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी पात्र आवंटी आवेदन कर सकेंगे। प्राधिकरण का मानना है कि इस पहल से लाभार्थियों को कब्जा प्रक्रिया में तेजी से राहत मिलेगी।


बसंतकुंज के 1,822 आवंटियों को मिलेगा विकल्प

जुलाई 2025 और फरवरी 2026 में आयोजित लॉटरी के माध्यम से बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई में 1,822 लोगों को आवास आवंटित किए गए थे। हाल ही में उन्हें आवंटन पत्र भी जारी किए गए हैं। अब इन सभी आवंटियों को 25 प्रतिशत भुगतान के बाद भवन का कब्जा लेने का विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा।

कुल कीमत 4.79 लाख रुपये, बाकी राशि किश्तों में होगा

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक आवास की कुल कीमत 4,79,550 रुपये निर्धारित है। लाभार्थी द्वारा 25 प्रतिशत राशि जमा करने के बाद रजिस्टर्ड एग्रीमेंट किया जाएगा और घर का कब्जा सौंप दिया जाएगा। हालांकि, जीएसटी, मेंटेनेंस चार्ज, कॉर्पस फंड और अन्य निर्धारित शुल्क अलग से जमा करने होंगे।

84 आसान किश्तों में चुकानी होगी बाकी रकम

आवंटियों को शेष 75 प्रतिशत राशि एकमुश्त जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। बची हुई रकम सात वर्षों में 84 आसान मासिक किश्तों के माध्यम से जमा की जा सकेगी। इसके तहत प्रत्येक लाभार्थी को लगभग 5,428 रुपये प्रतिमाह का भुगतान करना होगा।

वरुण विहार और नैमिष नगर योजना जल्द होंगी लॉन्च

आवासीय विकास को बढ़ावा देने के लिए LDA अपनी वरुण विहार और नैमिष नगर योजनाओं को एक साथ लॉन्च करने की तैयारी में है। दोनों योजनाओं के दो-दो सेक्टरों में लगभग 3,100 आवासीय भूखंडों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन खोला जाएगा।

72 से 450 वर्गमीटर तक होंगे भूखंड

नई योजनाओं में उपलब्ध कराए जाने वाले भूखंडों का आकार 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक होगा। इससे विभिन्न आय वर्ग के लोगों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार भूखंड चुनने का अवसर मिलेगा।

सड़कों के निर्माण कार्य में लाई जाएगी तेजी

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पारिजात सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की लॉन्चिंग की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने दोनों योजनाओं में 18 मीटर से 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश भी दिए हैं। इससे भविष्य में विकसित होने वाले क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

ये भी पढ़ें- Iran War updates: जिसका डर था वही हुआ! अमेरिका-ईरान डील के तुरंत बाद इजरायल ने लेबनान पर किया हमला, फिर शुरू होगी जंग?

LDA प्लान की बड़ी बातें

  • एलडीए प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को महज 25 प्रतिशत भुगतान पर भवन का कब्जा प्रदान करेगा।
  • इस निर्णय के बाद लोग किरायेदारी के चक्कर से मुक्त होकर अपने स्वयं के आवास में परिवार के साथ निवास कर सकेंगे।
  • अब आवंटियों को इस योजना का लाभ देने के उद्देश्य से 30 जून से 2 जुलाई, 2026 तक प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी आवंटी आवेदन कर सकेंगे।
  • जुलाई, 2025 एवं फरवरी, 2026 में हुई लॉटरी में 1822 लोगों को बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई में प्रधानमंत्री आवास आवंटित किये गये हैं। हाल ही में इन आवंटियों को आवंटन पत्र जारी किये गये हैं। इन सभी आवंटियों को भी 25 प्रतिशत भुगतान पर भवन का भौतिक कब्जा प्राप्त करने का विकल्प दिया जाएगा।
  • प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भवन की कुल धनराशि 4,79,550 रूपये देनी होती है। इसकी 25 प्रतिशत धनराशि जमा कराने पर आवंटी के साथ रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करके भवन का भौतिक कब्जा प्रदान कर दिया जाएगा। इसमें आवंटी को जीएसटी, अनुरक्षण शुल्क, कॉर्पस फंड समेत अन्य शुल्क भी देने होंगे।
  • शेष धनराशि का भुगतान 7 वर्ष की 84 आसान किश्तों में करना होगा। जिसके अंतर्गत प्रतिमाह लगभग 5,428 रूपये की किश्त आएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।