भारत के पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी (Mukul Rohatgi) की पत्नी वसुधा रोहतगी (Vasudha Rohatgi) ने दिल्ली के गोल्फ लिंक्स में 2,160 स्क्वायर यार्ड का एक बंगला 160 करोड़ रुपये में खरीदा है। मनीकंट्रोल को मिले दस्तावेजों से यह जानकारी मिली है। सेल डीड से पता चलता कि बंगले का प्लॉट एरिया 1806.35 स्क्वायर मीटर है और पूरी बिल्डिंग का कवर्ड एरिया 1869.7 स्क्वायर मीटर है। इस प्रॉपर्टी का रजिस्ट्रेशन बीते 24 फरवरी को पूरा हो गया था और परिवार ने खरीद के लिए 6.4 करोड़ रुपये के स्टांप ड्यूटी का भुगतान किया। मुकुल रोहतगी ने इस ट्रांजैक्शन की पुष्टि की है।
बता दें कि घरों की सीमित उपलब्धता के कारण दिल्ली का गोल्फ लिंक अमीर लोगों के लिए काफी समय से एक पसंदीदा जगह बना हुआ है।
रोहतगी परिवार इस ट्रांजैक्शन के साथ उन अन्य कॉरपोरेट हस्तियों की सूची में शामिल हो गया, जिन्होंने हाल ही में दिल्ली के महंगे प्रॉपर्टी एसेट्स में निवेश किया है। पिछले साल, भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल गोपाल सुब्रमण्यम ने लुटियंस दिल्ली के सुंदर नगर में 85 करोड़ रुपये में 866 स्क्वायर यार्ड का एक विशाल बंगला खरीदा था।
रेटगेन के भानु चोपड़ा, मैक्सोप इंजीनियरिंग के शैलेश अरोड़ा और डीबी ग्रुप के पवन अग्रवाल जैसी कॉरपोरेट हस्तियां नए बंगले में रोहतगी परिवार की पड़ोसी होंगी। चोपड़ा ने हाल ही में इस इलाके में 127.5 करोड़ रुपये में 850 स्क्वायर मीटर का एक बंगला खरीदा है।
दमानी परिवार ने की देश की सबसे बड़ी प्रॉपर्टी डील
फरवरी में, DMart के फाउंडर राधाकिशन दमानी के परिवार के सदस्यों और सहयोगियों ने मुंबई में बड़े पैमाने पर महंगे प्रॉपर्टी की खरीदारी की थी। उन्होंने कुल 1,238 करोड़ रुपये में 28 आवासीय प्रॉपर्टी खरीदी थीं। इस सौदे को देश के अबतक के सबसे बड़े प्रॉपर्टी सौदों में से एक माना जा रहा है।
लगभग उसी समय, गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने एक रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट बनाने के लिए चेंबूर में राज कपूर के बंगले का अधिग्रहण किया। हाल ही में, DLF ने गुरुग्राम में अपने एक महंगे रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट में तीन दिनों के भीतर 7 करोड़ रुपये और उससे अधिक की कीमत वाले 1,137 लक्जरी अपार्टमेंट को बेचने की जानकारी दी थी। यह कुल मिलाकर 8,000 करोड़ रुपये से अधिक है।