Raju Srivastava Health Updates: "राजू श्रीवास्तव की हालत स्थिर", पत्नी ने लोगों से की अफवाह न फैलाने की अपील

राजू श्रीवास्तव को पिछले सप्ताह बुधवार 10 अगस्त को राजधानी दिल्ली के एक होटल के जिम में वर्कआउट करते समय दिल का दौरा पड़ा था। श्रीवास्तव एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में 1980 के दशक के अंत से सक्रिय हैं

अपडेटेड Aug 19, 2022 पर 11:49 AM
शिखा ने कहा कि उनके पति की हालत स्थिर है और डॉक्टर उनका बेहतर इलाज कर रहे हैं

Raju Srivastava Health Updates: मशहूर अभिनेता-कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा श्रीवास्तव ने गुरुवार को कहा कि उनके पति एक योद्धा (फाइटर) हैं और वह हम सभी के बीच वापस लौटेंगे। 58 वर्षीय कॉमेडियन को 10 अगस्त को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद से उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था। उसी दिन उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी और तब से वे वेंटिलेटर पर हैं।

शिखा ने कहा कि उनके पति की हालत स्थिर है और डॉक्टर उनका बेहतर इलाज कर रहे हैं। उन्होंने पीटीआई से कहा, ‘‘उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टर उनका अच्छा इलाज कर रहे हैं। राजू जी एक फाइटर हैं और वह हम सबके बीच फिर से लौटेंगे। हमें आपकी प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं की जरूरत है।''

वर्ष 2014 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए श्रीवास्तव के स्वास्थ्य को लेकर गुरुवार को ट्विटर पर कई पोस्ट में अटकलें लगाई जा रही थीं। शिखा ने कहा कि मेरा विनम्र अनुरोध है कि कृपया अफवाह न फैलाएं। यह हमारे मनोबल को प्रभावित करता है। हमें नकारात्मक ऊर्जा नहीं चाहिए, हमें सकारात्मकता चाहिए।


ये भी पढ़ें- Twin Towers Demolition: 28 अगस्त को दोपहर 2.30 बजे गिरेगा नोएडा का ट्विन टावर, पड़ोसी निवासियों को सुबह 7 बजे खाली करने होंगे फ्लैट

उन्होंने कहा कि कृपया उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करें और वह जल्द ही वापस आ जाएंगे। डॉक्टर अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं और राजू जी उनका साथ दे रहे हैं, वह लड़ रहे हैं। इसलिए कृपया नकारात्मकता न फैलाएं।

इससे पहले दिन में एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि उन्हें अभी भी लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है और उनकी हालत नाजुक है। उन्हें मस्तिष्काघात हुआ है और वह अचेत हैं। उन्हें अभी तक होश नहीं आया है।

राजू श्रीवास्तव को पिछले सप्ताह बुधवार 10 अगस्त को राजधानी दिल्ली के एक होटल के जिम में वर्कआउट करते समय दिल का दौरा पड़ा था। श्रीवास्तव एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में 1980 के दशक के अंत से सक्रिय हैं। वह 2005 में ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के पहले सीजन में भाग लेने के बाद लोकप्रिय हो गए।

उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’, ‘बाजीगर’, ‘बॉबे टू गोवा’ (रीमेक) और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। श्रीवास्तव ने ‘बिग बॉस’ सीजन तीन में भी भाग लिया था। इस समय श्रीवास्तव फिल्म डेवलपमेंट काउंसिल उत्तर प्रदेश (Film Development Council Uttar Pradesh) के चेयरमैन हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।