RBI SGB calendar: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 23 फरवरी को सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) के समय से पहले रिडेम्प्शन का कैलेंडर जारी किया है। यह उन बॉन्ड पर लागू होगा जिनकी रिडेम्प्शन तारीख 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच पड़ रही है। 22 अक्टूबर 2021 के दिशानिर्देशों के मुताबिक, निवेशक जारी होने की तारीख से पांच साल पूरे होने के बाद SGB को समय से पहले भुना सकते हैं।
33 ट्रांच होंगी प्रीमैच्योर रिडेम्पशन की पात्र
RBI के शेड्यूल के मुताबिक, 2018-19 से 2021-22 के बीच जारी 33 ट्रांच इस छह महीने की अवधि में प्रीमैच्योर रिडेम्प्शन के लिए पात्र होंगी। इनमें 2018-19 सीरीज II (जारी 23 अक्टूबर 2018) से लेकर 2021-22 सीरीज VI (जारी 7 सितंबर 2021) तक की किश्तें शामिल हैं।
पहली और आखिरी ट्रांच की तारीख
इस अवधि में सबसे पहले 2018-19 सीरीज II 23 अप्रैल 2026 को प्रीमैच्योर रिडेम्प्शन के लिए पात्र होगी। इसके लिए आवेदन विंडो 23 मार्च 2026 से 13 अप्रैल 2026 तक खुली रहेगी। वहीं सूची में आखिरी ट्रांच 2019-20 सीरीज X है, जो 11 सितंबर 2026 को पात्र होगी। इस ट्रांच के लिए निवेशक 11 अगस्त 2026 से 1 सितंबर 2026 के बीच आवेदन कर सकेंगे।
हर ट्रांच के लिए अलग आवेदन विंडो
अन्य सभी ट्रांच भी अपनी जारी तारीख से पांच साल पूरे होने पर तय रिडेम्प्शन तारीख पर पात्र होंगी। हर ट्रांच के लिए अलग अलग आवेदन अवधि तय की गई है, जिसे निवेशकों को ध्यान से देखना होगा।
निवेशक तय समय सीमा के भीतर अधिकृत कार्यालयों, डिपॉजिटरी जैसे NSDL और CDSL या RBI Retail Direct प्लेटफॉर्म के माध्यम से रिडेम्प्शन का अनुरोध कर सकते हैं।
RBI ने कहा है कि अगर बीच में कोई अप्रत्याशित अवकाश घोषित होता है तो तारीखों में बदलाव हो सकता है। इसलिए जो निवेशक मैच्योरिटी से पहले बॉन्ड भुनाना चाहते हैं, उन्हें आवेदन अवधि पर विशेष नजर रखनी चाहिए।