इस हफ्ते गुड न्यूज आने वाली है। रिजर्व बैंक (आरबीआई) 6 जून को मॉनेटरी पॉलिसी पेश करेगा। वह रेपो रेट 25-50 बेसिस प्वाइंट्स घटाने का ऐलान कर सकता है। आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (एमपीसी) की मीटिंग 4 जून को शुरू होगी। तीन दिन की मीटिंग के नतीजों का ऐलान केंद्रीय बैंक 6 जून को करेगा। आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा 6 जून को सुबह 10 बजे इंटरेस्ट रेट में कमी का ऐलान करेंगे।
SBI को रेट कट 50 बीपीएस घटने की उम्मीद
ज्यादातर इकोनॉमिस्ट्स का कहना है कि जून की मॉनेटरी पॉलिसी में RBI रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कमी करेगा। इससे रेपो रेट 6 फीसदी से घटकर 5.75 फीसदी पर आ जाएगा। SBI ने अपनी हालिया रिपोर्ट में रेपो रेट में 50 बेसिस प्वाइंट्स की कमी का अनुमान जताया है। रेपो रेट 50 बेसिस प्वाइंट्स घटा तो यह 5.5 फीसदी पर आ जाएगा। ऐसे में होम लोन के ग्राहकों को ज्यादा फायदा होगा। उनके लोन की EMI में बड़ी गिरावट आएगी।
इस साल यह तीसरी रेट कट होगी
RBI ने कई सालों के इंतजार के बाद इस साल फरवरी में रेपो रेट में कमी करनी शुरू की थी। फरवरी में उसने रेपो रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स घटाया था। अप्रैल में उसने रेपो रेट में फिर 25 फीसदी प्वाइंट की कमी की। बैंक ऑफ बड़ौदा के चीफ इकोनॉमिस्ट मदन सबनवीस ने कहा कि अभी इनफ्लेशन काबू में है और लिक्विडिटी की स्थिति अच्छी है। ऐसे में MPC में 6 जून को रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट्स की कमी का ऐलान कर सकता है।
इक्रा की चीफ इकोनॉमिस्ट अदिती नायर ने भी कहा कि सब्जियों का सूचकांक और नीचे जाने की उम्मीद है। इससे फूड इनफ्लेशन में कमी आएगी। अप्रैल में इनफ्लेशन घटकर 3.16 फीसदी पर आ गया, जो बीते 69 महीनों में सबसे कम रिटेल इनफ्लेशन है। इस साल इसके 3.5 फीसदी रहने का अनुमान है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि चौथी तिमाही के हाल में आए जीडीपी ग्रोथ के डेटा ने भी उत्साह बढ़ाया है। यह 7.4 फीसदी रहा। इस तरह अच्छी ग्रोथ और कम इनफ्लेशन को देखते हुए आरबीआई रेपो रेट में कटौती कर सकता है।