Ladki Bhahin Yojana: महाराष्ट्र की महायुति गठबंबधन की सरकार महिलाओं को आर्थिक मदद करने के लिए मुख्यमंत्री माझी लड़की बहिन योजना चला कर रही है। महाराष्ट्र में पिछली एकनाथ शिंदे के कार्यकाल में शुरू की गई ये योजना वर्तमान देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार में भी जारी है। वहीं खबर आई है कि, महिलाओं को आर्थिक स्तर पर सबल बनाने वाली इस योजना में बड़ी धांधली कर सरकारी खजाने को बड़ी चपत लगाई जा रही है।
पुरुषों को मिल रहा फायदा
महाराष्ट्र की महिलाओं के लिए शुरू की गई 'लाड़की बहन योजना' में बड़ा घोटाला सामने आया है। एक समीक्षा में पाया गया कि पिछले दस महीनों में इस योजना के तहत 14,000 से ज़्यादा पुरुषों को गलत तरीके से फायदा मिला है। सीएनएन-न्यूज़18 की रिपोर्ट के मुताबिक, इन 14,298 पुरुष लाभार्थियों को कुल मिलाकर करीब 21.44 करोड़ रुपये दिए गए। यह योजना अगस्त 2024 में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य 21 से 65 साल की उम्र की कम आय वाली महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक मदद देना था। लेकिन जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि कई पुरुषों ने झूठी या गलत जानकारी देकर खुद को महिला दिखाया और योजना का लाभ ले लिया।
जांच में सामने आई ये बात
इस मामले की जांच जारी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि अपात्र लोगों को लाभार्थी सूची में कैसे शामिल किया गया, आवेदन किस तरह स्वीकृत हुए और वेरिफिकेशन प्रोसेस में कहां चूक हुई। फिलहाल इस योजना को संभाल रहे महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि राज्य सरकार इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकती है और जिन लोगों ने गलत तरीके से योजना का फायदा उठाया, उनसे पैसे की वसूली भी की जाएगी।
बता दें कि राज्य की दूसरी कल्याणकारी योजनाओं में भी पहले ऐसे ही गड़बड़ियाँ सामने आ चुकी हैं। जैसे कि सैनिटरी नैपकिन सब्सिडी योजना और शिव भोजन थाली योजना में भी लाभार्थियों के चयन और पैसे के वितरण में अनियमितताएं पाई गई थीं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।