SEBI ने Unitech Advisors (India) Pvt Ltd और इसके दो डायरेक्टर्स अजय चंद्रा और संजय चंद्रा पर 1 करोड़ रुपये की पेनाल्टी लगाई है। उन्हें कुछ साल पहले कई बार अतिरिक्त समय दिए जाने के बावजूद तीन रियल एस्टेट फंडों को बंद नहीं करने का दोषी पाया गया है। पेनाल्टी का पैसा उन्हें मिलकर चुकाना होगा। सेबी ने इस फंड हाउस को कई नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया है। इस फंड हाउस का नाम अब Auram Asset Management है। यह पाया गया कि अपनी स्कीम तय समय पर बंद नहीं करने के अलावा Unitech Advisors ने अपनी ग्रुप कंपनियों में निवेशकों का पैसा लगाया था। उसने निवेश के कई ऐसे फैसले लिए जो गलत साबित हुए। उसने अपने ज्यादातर निवेशकों के पैसे वापस नहीं किए। SEBI ने और 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई है। इसे संजय चंद्रा और हितेंद्र मल्होत्रा (कंपनी के डायरेक्टर) और दीपक बजाज (यूनिटेक रियल्टी के डायरेक्टर) को चुकाना है।
