SP ग्रुप ने टाटा संस से ₹25000 करोड़ के शेयर बायबैक की मांग की, कहा- बोर्ड मीटिंग में रखा जाए प्रस्ताव

SP ग्रुप ने टाटा संस से करीब ₹25,000 करोड़ में अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा खरीदने की मांग की है। ग्रुप ने शेयर बायबैक को प्राथमिकता दी है। प्रस्ताव को 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग में रखने का अनुरोध किया है। वह NCLT की लंबी प्रक्रिया से बचना चाहता है।

अपडेटेड Nov 29, 2026 पर 11:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
SP ग्रुप ने यह भी साफ किया है कि उसकी हिस्सेदारी बेचने की योजना को टाटा संस की लिस्टिंग या रेगुलेटरी स्थिति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।

शापूरजी पल्लोनजी (SP) ग्रुप ने टाटा संस से अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा वापस खरीदने की मांग की है। इसके लिए ग्रुप ने करीब ₹25,000 करोड़ का प्रस्ताव दिया है। ग्रुप चाहता है कि टाटा संस उसके शेयरों का बायबैक करे। इसके अलावा, टाटा संस के बोर्ड को मंजूर कोई खरीदार भी इन शेयरों को खरीद सकता है। SP ग्रुप ने साफ किया है कि वह इस काम के लिए नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) की लंबी प्रक्रिया नहीं अपनाना चाहता।

SP ग्रुप के चेयरमैन शापूर मिस्त्री ने 23 नवंबर को टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने कहा कि ग्रुप को जानकारी मिली है कि टाटा संस का बोर्ड 30 नवंबर की बैठक में उसकी हिस्सेदारी बेचने की मांग पर विचार करेगा। मिस्त्री ने अनुरोध किया कि इस प्रस्ताव को बोर्ड के सामने रखा जाए।

NCLT की प्रक्रिया से बचना चाहता है SP ग्रुप


मिस्त्री ने पत्र में कहा कि कैपिटल रिडक्शन का विकल्प SP ग्रुप ने नहीं सुझाया था। इसमें NCLT की मंजूरी के साथ कई अन्य पक्षों की सहमति भी लेनी होगी। इससे पूरी प्रक्रिया लंबी और अनिश्चित हो सकती है। ग्रुप का कहना है कि शेयरों की बिक्री या बायबैक से यही काम कम समय में पूरा किया जा सकता है।

SP ग्रुप ने पहली बार 10 सितंबर को यह प्रस्ताव दिया था। इसके तहत शेयरों की वैल्यूएशन इनकम टैक्स रूल्स, 1962 के नियम 11UA के आधार पर तय करने की मांग की गई थी। ग्रुप चाहता है कि उसे करीब ₹25,000 करोड़ की रकम मिले। उसने यह भी कहा है कि पूरी रकम एक साथ दी जाए। अगर ऐसा मुमकिन नहीं है, तो शुरुआती किस्त में ज्यादातर रकम का भुगतान किया जाए।

इस रकम का इस्तेमाल टाटा संस के शेयरों के बदले लिए गए कर्ज को चुकाने में किया जाएगा। SP ग्रुप ने टाटा संस के मैनेजमेंट से ट्रांजैक्शन का तरीका, मंजूरी की प्रक्रिया और उसे पूरा करने की समयसीमा तय करने को भी कहा है।

टाटा संस की लिस्टिंग से अलग रखना चाहता है प्रस्ताव

SP ग्रुप ने यह भी साफ किया है कि उसकी हिस्सेदारी बेचने की योजना को टाटा संस की लिस्टिंग या रेगुलेटरी स्थिति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। रिजर्व बैंक ने टाटा संस की कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी के तौर पर रजिस्ट्रेशन से बाहर निकलने की अर्जी खारिज कर दी थी। साथ ही, उसे लागू नियमों के तहत लिस्टिंग की जरूरतों समेत दूसरी शर्तों का पालन करने की सलाह दी थी।

SP ग्रुप का कहना है कि शेयर बेचने का प्रस्ताव और टाटा संस की रेगुलेटरी जिम्मेदारियां दो अलग-अलग मामले हैं। एक को दूसरे की शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए। ग्रुप ने यह भी कहा है कि सौदे की शर्तों से टाटा संस में बची हुई उसकी बाकी हिस्सेदारी पर अधिकार प्रभावित नहीं होने चाहिए।

कैपिटल रिडक्शन रूट क्या है?

कैपिटल रिडक्शन का मतलब है कंपनी की शेयर पूंजी को कम करना। इसके तहत कंपनी अपने कुछ शेयर रद्द कर सकती है या शेयरधारकों को उनकी हिस्सेदारी के बदले पैसा दे सकती है। इसके लिए कंपनी को NCLT की मंजूरी लेनी पड़ती है।

टाटा संस के मामले में SP ग्रुप के पास कंपनी की हिस्सेदारी है। कैपिटल रिडक्शन के जरिए टाटा संस SP ग्रुप के कुछ शेयर रद्द कर सकती है और बदले में उसे करीब ₹25,000 करोड़ दे सकती है। इससे SP ग्रुप को अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बेचकर पैसा मिल जाएगा और टाटा संस की कुल शेयर पूंजी भी घट जाएगी। लेकिन इसमें वक्त लगेगा, तो SP ग्रुप ये रास्ता नहीं अपनाना चाहता।

Vedanta Resources Results: वेदांता ग्रुप की होल्डिंग कंपनी का मुनाफा 283% बढ़ा, कर्ज में भी भारी कमी आई

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।