Share Market Holiday List: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए जरूरी अपडेट है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) मंगलवार 31 मार्च को महावीर जयंती और शुक्रवार 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण बंद रहेंगे। यानी, अगले हफ्ते सिर्फ 3 दिन ट्रेडिंग होगी। इससे पहले इस हफ्ते भी राम नवमी के कारण एक दिन बाजार बंद रहा था, जिससे ट्रेडिंग शेड्यूल पहले ही छोटा हो चुका है।
साल 2026 में कुल 16 दिन शेयर बाजार बंद रहने वाला है, जिनमें से कुछ छुट्टियां पहले ही हो चुकी हैं। आने वाले महीनों में भी अलग-अलग त्योहारों और खास मौकों पर बाजार में कारोबार नहीं होगा। अप्रैल में 14 तारीख को अंबेडकर जयंती, 1 मई को महाराष्ट्र दिवस और 28 मई को बकरीद के दिन बाजार बंद रहेगा।
वहीं साल के दूसरे हिस्से में भी कई छुट्टियां तय हैं। जून में मुहर्रम, सितंबर में गणेश चतुर्थी, अक्टूबर में गांधी जयंती और दशहरा, नवंबर में दिवाली और गुरु नानक जयंती, और दिसंबर में क्रिसमस के दिन ट्रेडिंग नहीं होगी।
कमोडिटी मार्केट की बात करें तो MCX यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज महावीर जयंती के दिन सुबह के सत्र 9 बजे से 5 बजे में बंद रहेगा, लेकिन शाम के सत्र 5 बजे से 11:30 बजे में ट्रेडिंग शुरू हो जाएगी। वहीं गुड फ्राइडे के दिन MCX पूरे दिन बंद रहेगा, यानी सुबह और शाम दोनों सत्रों में कोई कारोबार नहीं होगा।
इसके अलावा NCDEX यानी नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज महावीर जयंती और गुड फ्राइडे दोनों दिन पूरी तरह बंद रहेगा। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में शेयर और कमोडिटी बाजार में छुट्टियों के कारण कारोबारी दिन कम रहेंगे।