SIP Calculator: ₹1000 की SIP से ₹10 लाख का फंड कितने समय में बनेगा? समझिए पूरा कैलकुलेशन
SIP Calculator: हर महीने सिर्फ ₹1,000 निवेश करके ₹10 लाख का फंड बनाया जा सकता है। लेकिन इसके लिए कितना समय लगेगा? 12%, 15% और 18% रिटर्न पर पूरा हिसाब समझिए और जानिए कंपाउंडिंग कैसे छोटी SIP को बड़ा फंड बना सकती है।
अगर हर महीने ₹1,000 की SIP की जाए, तो औसतन 12% सालाना रिटर्न मिलने पर करीब 20 साल में ₹10 लाख का फंड बन सकता है।
SIP Calculator: हर महीने ₹1,000 बचाना बहुत ज्यादा मुश्किल नहीं। कई बार इतना गैरजरूरी कामों खर्च हो जाता है। लेकिन यही ₹1,000 अगर लंबे समय तक निवेश होता रहे, तो रकम काफी बड़ी बन सकती है। इसका सबसे बड़ा कारण है कंपाउंडिंग। यानी आपके निवेश पर मिला रिटर्न भी आगे रिटर्न कमाने लगता है।
अगर हर महीने ₹1,000 की SIP की जाए, तो औसतन 12% सालाना रिटर्न मिलने पर करीब 20 साल में ₹10 लाख का फंड बन सकता है। 15% रिटर्न पर यही लक्ष्य करीब 17 साल 5 महीने में और 18% रिटर्न पर करीब 15 साल 5 महीने में हासिल हो सकता है।
₹1,000 की SIP से कितना पैसा बनेगा?
मान लीजिए आप हर महीने ₹1,000 की SIP करते हैं। नीचे अलग-अलग रिटर्न के हिसाब से संभावित फंड बताया गया है।
निवेश की अवधि
कुल निवेश
12% रिटर्न
15% रिटर्न
18% रिटर्न
10 साल
₹1.20 लाख
₹2.32 लाख
₹2.79 लाख
₹3.36 लाख
15 साल
₹1.80 लाख
₹5.05 लाख
₹6.77 लाख
₹9.19 लाख
20 साल
₹2.40 लाख
₹9.99 लाख
₹15.16 लाख
₹23.43 लाख
यहां एक बात ध्यान देने वाली है। 20 साल में आपका कुल निवेश सिर्फ ₹2.40 लाख होगा। 12% के औसत रिटर्न पर यह रकम करीब ₹10 लाख हो सकती है। यानी करीब ₹7.59 लाख का हिस्सा अनुमानित रिटर्न से बनता है।
₹10 लाख बनाने में कितना समय लगेगा?
अब मान लीजिए आपका सीधा लक्ष्य ₹10 लाख बनाना है। आप हर महीने सिर्फ ₹1,000 निवेश कर रहे हैं। ऐसे में अलग-अलग रिटर्न पर समय अलग होगा।
अनुमानित सालाना रिटर्न
₹10 लाख तक पहुंचने का समय
इस दौरान कुल निवेश
12%
करीब 20 साल
करीब ₹2.40 लाख
15%
करीब 17 साल 5 महीने
करीब ₹2.09 लाख
18%
करीब 15 साल 5 महीने
करीब ₹1.85 लाख
यानी रिटर्न जितना ज्यादा होगा, लक्ष्य उतनी जल्दी पूरा हो सकता है। लेकिन यहां सबसे जरूरी बात है कि 12%, 15% या 18% रिटर्न की कोई गारंटी नहीं है। म्यूचुअल फंड में रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करता है।
12% रिटर्न का उदाहरण
मान लीजिए आपने 25 साल की उम्र में ₹1,000 की SIP शुरू की। औसतन 12% सालाना रिटर्न मिला। 10 साल बाद आपके पास करीब ₹2.32 लाख हो सकते हैं।
15 साल बाद यही रकम करीब ₹5.05 लाख हो सकती है। 20 साल बाद यह करीब ₹10 लाख पहुंच सकती है। आपने इस दौरान सिर्फ ₹2.40 लाख लगाए होंगे।
यहीं से कंपाउंडिंग का असली असर समझ आता है। शुरुआत में पैसा धीरे बढ़ता है। समय बढ़ने के साथ रिटर्न पर भी रिटर्न मिलने लगता है।
15% रिटर्न पर तस्वीर बदल जाती है
अब 15% सालाना रिटर्न का अनुमान लगाइए। 10 साल में ₹1,000 की मासिक SIP करीब ₹2.79 लाख बना सकती है। 15 साल में यह रकम करीब ₹6.77 लाख हो सकती है।
20 साल तक SIP चलाने पर अनुमानित फंड करीब ₹15.16 लाख हो सकता है। यानी ₹2.40 लाख के कुल निवेश से रकम ₹15 लाख से ज्यादा हो सकती है।
18% रिटर्न पर कितना बनेगा?
18% सालाना रिटर्न मानें तो कंपाउंडिंग का असर और बड़ा दिखता है। 15 साल में ₹1,000 की मासिक SIP करीब ₹9.19 लाख का फंड बना सकती है।
20 साल में यही रकम करीब ₹23.43 लाख हो सकती है। जबकि आपका कुल निवेश सिर्फ ₹2.40 लाख रहेगा। लेकिन 18% रिटर्न को लंबे समय तक लगातार मिलना मानकर चलना काफी आक्रामक अनुमान है। लंबी अवधि में इतना रिटर्न बहुत मुश्किल होता है।
छोटी SIP को नजरअंदाज न करें
₹1,000 की SIP पहली नजर में बहुत छोटी रकम लग सकती है। लेकिन लंबी अवधि में यही रकम बड़ा फंड बना सकती है। खासकर तब, जब निवेश बीच में रोका न जाए।
अगर कमाई बढ़ने के साथ SIP भी बढ़ाई जाए, तो नतीजा और बड़ा हो सकता है। इसे SIP Step Up कहते हैं। उदाहरण के लिए, हर साल SIP में 10% की बढ़ोतरी करने से ₹1,000 की शुरुआती SIP आगे चलकर काफी बड़ी रकम में बदल सकती है।
इसलिए सवाल सिर्फ यह नहीं है कि हर महीने कितना निवेश कर सकते हैं। सवाल यह भी है कि कितनी जल्दी शुरुआत कर सकते हैं और कितने लंबे समय तक निवेश जारी रख सकते हैं।
नोट:ऊपर की गणना अनुमानित है। इसमें हर महीने ₹1,000 की SIP और 12%, 15% और 18% का औसत सालाना रिटर्न माना गया है। वास्तविक रिटर्न इससे कम या ज्यादा हो सकता है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।