SIP vs NPS: रिटायरमेंट फंड के लिए हर महीने 5000 रुपये का निवेश कहां करने में ज्यादा फायदा?

लंबी अवधि में पैसा बनाने के लिए म्यूचुअल फंड की सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) दोनों अच्छे विकल्प हैं। दोनों में निवेश बाजार से जुड़ा होता है और लंबी अवधि में कंपाउंडिंग के जरिए अच्छा फंड तैयार हो जाता है

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 7:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
म्यूचुअल फंड SIP में निवेशक को पैसे निकालने की अपेक्षाकृत ज्यादा आजादी मिलती है।

अगर आप हर महीने 5,000 रुपये निवेश करते हैं, तो 25 साल में यह रकम करीब 94 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। यह अनुमान सालाना 12 फीसदी रिटर्न के आधार पर लगाया गया है। लेकिन रिटायरमेंट के लिए निवेश करते समय सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि किस विकल्प में कितना रिटर्न मिल सकता है। यह भी समझना जरूरी है कि जरूरत पड़ने पर आप अपना पैसा कितनी आसानी से निकाल सकते हैं। और यह भी किस विकल्प में निवेश करने पर रिटर्न पर कितना टैक्स लगेगा।

लंबी अवधि में पैसा बनाने के लिए म्यूचुअल फंड की सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) दोनों अच्छे विकल्प हैं। दोनों में निवेश बाजार से जुड़ा होता है और लंबी अवधि में कंपाउंडिंग के जरिए अच्छा फंड तैयार हो जाता है। हालांकि, दोनों का मकसद और निवेश से बाहर निकलने के नियम अलग हैं।

म्यूचुअल फंड SIP में निवेशक को पैसे निकालने की अपेक्षाकृत ज्यादा आजादी मिलती है। वहीं, NPS को खास तौर पर रिटायरमेंट लिए बड़ा फंड तैयार करने के लिए बनाया गया है। इसलिए इन दोनों में से किसी एक का चुनाव आपको निवेश की अवधि और रिटायरमेंट की योजना को ध्यान में रखकर करना चाहिए।


SIP vs NPS: हर महीने ₹5,000 निवेश करने पर कितना बनेगा फंड?

मान लीजिए आप हर महीने 5,000 रुपये निवेश करते हैं। आप यह निवेश 25 साल तक जारी रखते हैं। इस दौरान आपका कुल निवेश 15 लाख रुपये होगा। अब अलग-अलग सालाना रिटर्न के हिसाब से आपका फंड कितना बन सकता है, इसे समझिए।

अनुमानित सालाना रिटर्न 25 साल बाद संभावित फंड
8% ₹47.6 लाख
10% ₹66.3 लाख
12% ₹93.9 लाख

ये आंकड़े अनुमान पर आधारित हैं। वास्तविक रिटर्न बाजार के प्रदर्शन, चुनी गई स्कीम और निवेश के तरीके पर निर्भर करेगा। म्यूचुअल फंड SIP और NPS में एक जैसा रिटर्न मिलने की कोई गारंटी नहीं है। यहां एक ही निवेश राशि, अवधि और अनुमानित रिटर्न के आधार पर कंपाउंडिंग का असर समझाया गया है।

म्यूचुअल फंड में रिटर्न इस बात पर निर्भर करता है कि आपने इक्विटी, डेट या हाइब्रिड फंड में से किसमें निवेश किया है। इसी तरह NPS में भी रिटर्न आपके एसेट एलोकेशन और चुने गए पेंशन फंड के प्रदर्शन से तय होता है। इसलिए यह मानना सही नहीं होगा कि दोनों विकल्पों में निवेश करने पर एक जैसा फंड तैयार होगा।

SIP vs NPS: जरूरत पड़ने पर कहां से आसानी से निकाल सकते हैं पैसा?

म्यूचुअल फंड SIP में ज्यादा फ्लेक्सिबिलिटी

SIP म्यूचुअल फंड में नियमित निवेश करने का एक तरीका है। इसमें निवेशक अपनी जरूरत और जोखिम उठाने की क्षमता के हिसाब से इक्विटी, डेट या हाइब्रिड म्यूचुअल फंड चुन सकता है।

इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि निवेशक आमतौर पर जरूरत पड़ने पर अपनी म्यूचुअल फंड यूनिट्स रिडीम कर सकता है। हालांकि, कुछ स्कीमों में एग्जिट लोड या लॉक-इन पीरियड जैसी शर्तें लागू हो सकती हैं।

इस वजह से म्यूचुअल फंड में जमा रकम का इस्तेमाल रिटायरमेंट के अलावा दूसरे वित्तीय लक्ष्यों के लिए भी किया जा सकता है। मसलन, घर खरीदना, बच्चों की पढ़ाई या किसी बड़ी जरूरत के लिए इस फंड को निकाला जा सकता है।

NPS में रिटायरमेंट के लिए निवेश

नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) एक रिटायरमेंट-केंद्रित निवेश योजना है, जिसे पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) नियंत्रित करती है। इसमें निवेश की रकम को सब्सक्राइबर के चुने हुए एसेट एलोकेशन के मुताबिक इक्विटी, कॉरपोरेट बॉन्ड और सरकारी सिक्योरिटीज जैसे विकल्पों में लगाया जाता है।

यह भी पढ़ें: IPO में रिटेल निवेश की ₹2 लाख की लिमिट बढ़ेगी? जानिए क्या है SEBI का प्लान

NPS में रिटायरमेंट से पहले भी कुछ शर्तों के तहत आंशिक निकासी की सुविधा है। हालांकि, इस योजना का ढांचा लंबी अवधि तक बचत बनाए रखने के लिए तैयार किया गया है। इसमें समय से पहले निकासी और रिटायरमेंट के समय पैसा निकालने पर निर्धारित नियम लागू होते हैं। कुछ स्थितियों में जमा रकम के एक हिस्से से एन्युटी खरीदना भी जरूरी हो सकता है, जिससे नियमित पेंशन मिलती है। इसलिए NPS में निवेश करने से पहले यह समझना जरूरी है कि रिटायरमेंट के समय कितनी रकम एकमुश्त मिल सकती है और कितनी रकम से एन्युटी खरीदनी होगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।