Interest Rate on Small Saving Scheme: पीपीएफ, NSC और KVP जैसी छोटी बचत योजनाओं पर मिलने वाले ब्याज की समीक्षा हर तीन महीने में की जाती है। सरकार इस महीने के अंत में 29 सितंबर या 30 सितंबर को अक्टूबर-दिसंबर 2023 के लिए इन ब्याज दरों में रिवीजन करेगी। अगर एक्सपर्ट की मानें तो सरकार की इस बार छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में बदलाव करने की संभावना काफी कम है।
इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च के मुताबिक छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरें सरकारी सिक्योरिटीज की पिछली तिमाही के यील्ड पर निर्भर करती है। चालू वित्त वर्ष में अब तक 10 साल की सरकारी सिक्योरिटीज पर यील्ड 7.0 प्रतिशत और 7.2 प्रतिशत के बीच रहा है। इस बार ये 7.1 प्रतिशत से 7.2 प्रतिशत के आसपास रहने की उम्मीद है क्योंकि मुद्रास्फीति 5 फीसदी के दायरे में रहने की उम्मीद है। यही कारण है कि छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में बदलाव की संभावना कम है।
सरकार ने पिछली बार कुछ योजनाओं पर बढ़ाया था ब्याज
30 जून, 2023 को आखिरी समीक्षा में सरकार ने कई छोटी बचत योजनाओं एक साल और दो और 5 साल की एफडी पर ब्याज बढ़ाया था।
अभी छोटी बचत योजनाओं पर ये हैं ब्याज दरें
1 साल की पोस्ट ऑफिस एफडी : 6.9 प्रतिशत
2 साल की पोस्ट ऑफिस एफडी : 7 प्रतिशत
3 साल की पोस्ट ऑफिस एफडी : 7 प्रतिशत
5 साल की पोस्ट ऑफिस एफडी : 7.5 प्रतिशत
5 साल की आरडी : 6.5 प्रतिशत
राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (NSC): 7.7 प्रतिशत
किसान विकास पत्र: 7.5 प्रतिशत (115 महीने में होंगे मैच्योर)
सुकन्या समृद्धि खाता: 8.0 प्रतिशत
वरिष्ठ नागरिक बचत योजना: 8.2 प्रतिशत
मंथली इनकम स्कीम: 7.4 प्रतिशत