Stock Market Holiday 2026: कल गुरुवार 26 मार्च 2026 को भारतीय शेयर बाजार बंद रहेंगे। NSE और BSE में कल को कारोबार नहीं होगा। कल स्टॉक मार्केट की राम नवमी के कारण छुट्टी है। इस हफ्ते ट्रेडिंग के दिन कम रहेंगे और निवेशकों को अपने फैसले उसी हिसाब से प्लान करने होंगे। अगले हफ्ते भी शेयर बाजर 2 दिन बंद रहने वाला है। स्टॉक मार्केट मंगलवार 31 मार्च को महावीर जयंती और शुक्रवार 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण बंद रहने वाला है।
अगले हफ्ते शेयर बाजार में होगी सिर्फ 3 दिन ट्रेडिंग
दरअसल, आने वाले दिनों में बाजार में छुट्टियों की वजह से कई बार ट्रेडिंग बंद रहेगी। राम नवमी के अलावा अगले हफ्ते 31 मार्च को महावीर जयंती और 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण भी बाजार बंद रहेगा। यानी दो हफ्तों के भीतर ही तीन छुट्टियां पड़ने से ट्रेडिंग के दिन कम हो जाएंगे और निवेशकों को लंबा वीकेंड भी मिलेगा।
साल 2026 में कुल 16 स्टॉक मार्केट छुट्टियां तय की गई हैं, जिनमें से कुछ पहले ही निकल चुकी हैं। आने वाले महीनों में भी कई बड़े त्योहारों और खास मौकों पर बाजार बंद रहेगा। अप्रैल में 14 तारीख को अंबेडकर जयंती, 1 मई को महाराष्ट्र डे और 28 मई को बकरीद पर बाजार में छुट्टी रहेगी।
इसके अलावा साल के दूसरे हिस्से में भी कई छुट्टियां पड़ेंगी। जून में मुहर्रम, सितंबर में गणेश चतुर्थी, अक्टूबर में गांधी जयंती और दशहरा, नवंबर में दिवाली और गुरु नानक जयंती, और दिसंबर में क्रिसमस के दिन बाजार बंद रहेगा।
हालांकि छुट्टियों के बीच बाजार में तेजी भी देखने को मिल रही है। बुधवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स करीब 800 अंक चढ़ गया और निफ्टी 23,100 के ऊपर पहुंच गया। पिछले कुछ दिनों की गिरावट के बाद बाजार में यह रिकवरी देखी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय हालात में थोड़ा सुधार आने से बाजार में सकारात्मक माहौल बना है। खासकर ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे तनाव में कमी की उम्मीद से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।