Income Tax : नहीं बढ़ाई जाएगी ITR फाइलिंग की अंतिम तारीख, रेवेन्यू सेक्रेटरी ने की जल्द रिटर्न दाखिल करने की अपील

मल्होत्रा ने एक इंटरव्यू में कहा, हमें उम्मीद है कि इस साल पिछले वर्ष से ज्यादा रिटर्न दाखिल होंगे। हमें उम्मीद है कि यह पिछले साल से ज्यादा होना चाहिए। पिछले साल 31 जुलाई तक लगभग 5.83 करोड़ आयकर रिटर्न दाखिल किए गए थे। यह असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए रिटर्न दाखिल करने का आखिरी दिन था

अपडेटेड Jul 16, 2023 पर 5:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
रेवेन्यू सेक्रेटरी संजय मल्होत्रा आयकर दाताओं से जल्द से जल्द अपना रिटर्न दाखिल करने की अपील की है।

Income Tax : रेवेन्यू सेक्रेटरी संजय मल्होत्रा आयकर दाताओं से जल्द से जल्द अपना रिटर्न दाखिल करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वित्त मंत्रालय 31 जुलाई की समय सीमा को आगे बढ़ाने पर विचार नहीं कर रहा है। मल्होत्रा ने एक इंटरव्यू में कहा, "हमें उम्मीद है कि इस साल पिछले वर्ष से ज्यादा रिटर्न दाखिल होंगे। हमें उम्मीद है कि यह पिछले साल से ज्यादा होना चाहिए।” पिछले साल 31 जुलाई तक लगभग 5.83 करोड़ आयकर रिटर्न दाखिल किए गए थे। यह असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए रिटर्न दाखिल करने का आखिरी दिन था।

तेजी से दाखिल हो रहे हैं आईटीआर

मल्होत्रा ने आगे कहा, "हम आयकर रिटर्न दाखिल करने वालों को धन्यवाद देना चाहते हैं, क्योंकि आईटीआर दाखिल करने की रफ्तार पिछले साल की तुलना में बहुत तेज है। हम उन्हें सलाह देंगे कि वे अंतिम दिन तक इंतजार न करें और समयसीमा को आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद न करें।’’ उन्होंने कहा, "इसलिए मैं उन्हें जल्द से जल्द अपना टैक्स रिटर्न दाखिल करने की सलाह दूंगा, क्योंकि 31 जुलाई की समयसीमा तेजी से नजदीक आ रही है।"


रेवेन्यू सेक्रेटरी ने और क्या कहा?

कर संग्रहण लक्ष्य के संबंध में मल्होत्रा ने कहा कि यह कमोबेश 10.5 फीसदी वृद्धि के लक्ष्य के अनुरूप है। मल्होत्रा ने कहा कि जहां तक गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) की वृद्धि का सवाल है, यह अबतक 12 फीसदी है। हालांकि, दर में कटौती के कारण एक्साइज ड्यूटी के मोर्चे पर वृद्धि दर 12 फीसदी से कम है। उन्होंने कहा कि वास्तव में यह अभी नकारात्मक है और एक बार कर दरों में कटौती का प्रभाव खत्म हो जाएगा, तो लक्ष्य हासिल करने की उम्मीद है। आम बजट 2023-24 के अनुसार, सरकार को मौजूदा वित्त वर्ष में 33.61 लाख करोड़ रुपये की ग्रॉस टैक्स प्राप्ति की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।