अगर आप अक्सर हवाई यात्रा करते हैं, तो अब आपके ट्रैवल खर्चे थोड़े कम हो सकते हैं। भारत के कई बड़े बैंक ऐसे क्रेडिट कार्ड ऑफर कर रहे हैं जो हवाई यात्रा या ट्रैवल से जुड़ी खरीदारी पर एयर माइल्स या रिवॉर्ड पॉइंट्स देते हैं। इन पॉइंट्स को बाद में फ्लाइट टिकट बुकिंग, होटल या अन्य ट्रैवल खर्चों में इस्तेमाल किया जा सकता है। फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का कहना है कि यात्रियों को कार्ड चुनते समय अपनी पसंदीदा एयरलाइन और खर्च करने की आदतों को ध्यान में रखना चाहिए, क्योंकि हर बैंक के रिवॉर्ड्स और बोनस ऑफर अलग-अलग होते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 6 क्रेडिट कार्ड के बारे में जो बार-बार फ्लाइट में सफर करने वालों के लिए फायदेमंद रहेंगे।
1. एक्सिस बैंक एटलस क्रेडिट कार्ड
इस कार्ड से फ्लाइट बुकिंग पर हर 100 रुपये खर्च पर 5 EDGE Miles मिलते हैं। 1 EDGE Mile की कीमत 1 रुपये के बराबर है। नए यूजर्स को अगर वे कार्ड मिलने के 37 दिन के भीतर पहली ट्रांजैक्शन करते हैं, तो 2,500 बोनस EDGE Miles भी मिलते हैं।
2. अमेरिकन एक्सप्रेस प्लेटिनम ट्रैवल क्रेडिट कार्ड
यह कार्ड सामान्य खर्चों पर भी रिवॉर्ड पॉइंट्स देता है और खास माइलस्टोन बोनस ऑफर करता है। 1.9 लाख रुपये सालाना खर्च करने पर 15,000 पॉइंट्स, और 4 लाख रुपये सालाना खर्च करने पर 25,000 अतिरिक्त पॉइंट्स मिलते हैं। इन पॉइंट्स का इस्तेमाल फ्लाइट बुकिंग या अन्य ट्रैवल खर्चों में किया जा सकता है।
3. एसबीआई कार्ड माइल्स एलीट
यह कार्ड ट्रैवल पसंद करने वालों के लिए बनाया गया है। इसमें 5,000 ट्रैवल क्रेडिट्स का वेलकम गिफ्ट मिलता है। हर 200 रुपये ट्रैवल खर्च पर 6 ट्रैवल क्रेडिट्स अर्जित होते हैं, जिन्हें बाद में एयर माइल्स, होटल या फ्लाइट टिकट में बदला जा सकता है।
4. एचडीएफसी 6E रिवॉर्ड्स इंडिगो क्रेडिट कार्ड
जो यात्री अक्सर IndiGo Airlines से उड़ान भरते हैं, उनके लिए यह कार्ड आदर्श है। इसमें हर 100 रुपये की IndiGo फ्लाइट बुकिंग पर 2.5 रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलते हैं। साथ ही, कार्डधारक को 1,500 रुपये मूल्य का एक फ्री फ्लाइट वाउचर भी दिया जाता है। हर महीने के पॉइंट्स अपने आप IndiGo अकाउंट में जुड़ जाते हैं।
5. एक्सिस बैंक Horizon Credit Card
इस कार्ड से Axis Travel EDGE पोर्टल या किसी भी एयरलाइन वेबसाइट पर 100 रुपये खर्च करने पर 5 EDGE Miles मिलते हैं। पहली 1,000 रुपये की ट्रांजैक्शन पर 5,000 रुपये बोनस EDGE Miles भी दिए जाते हैं।
6. ICICI Bank Emirates Skywards क्रेडिट कार्ड
यह कार्ड Emirates Airlines से उड़ान भरने वालों के लिए सबसे उपयुक्त है। हर खर्च पर Skywards Miles मिलते हैं, जिन्हें Emirates की फ्लाइट टिकटों में रिडीम किया जा सकता है। साथ ही कार्ड से एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस जैसी सर्विस भी मिलती हैं।