Trading plan : मिडिल-ईस्ट युद्ध पर कल होने वाली शांति वार्ता पर सस्पेंस बना हुआ है। ईरान के बातचीत वाला ट्वीट हटाने से बाजार परेशान नजर आ रहा है। निफ्टी 200 प्वाइंट से ज्यादा फिसलकर 23800 के नीचे आ गया है। बैंक निफ्टी भी 850 प्वाइंट कमजोर हुआ है। क्रूड में फिर से उछाल और रुपये की कमजोरी से सेंटिमेंट बिगड़ गए हैं। मिडकैप और स्मॉलकैप की तेजी भी गायब हो गई है। फिलहाल 2 बजे के आसपास सेंसेक्स 889.90 अंक या 1.15 प्रतिशत गिरकर 76,673 पर और निफ्टी 226.75 अंक या 0.94 प्रतिशत गिरकर 23,770.60 पर दिख रहा था।
आज सरकारी बैंक और NBFCs ने बाजार में सबसे ज्यादा दबाव बनाया है। दोनों सेक्टर इंडेक्स करीब 1.5 प्रतिशत फिसले। NBFCs में श्रीराम,जियो फाइनेंस और मणप्पुरम 2 फीसदी से ज्यादा गिरे हैं। उधर कैपिटल मार्केट और कैपिटल गुड्स शेयरों में रौनक है। पावर इक्विपमेंट कंपनियों पर JP MORGAN की बुलिश रिपोर्ट के बाद हिताची 5 प्रतिशत ऊपर दिख रहा है। GV VERNOVA में भी तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। JPMORGAN का कहना है किअगले 3-4 साल के लिए पावर कंपनियों का आउटलुक मजबूत है। इनको रिन्यूएबल और ग्रिड विस्तार का फायदा मिलेगा।
बाजार में क्या हो रणनीति?
बाजार की आगे की चाल पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल ने कहा कि बाजार में फिर खतरा लौट आया है। डॉनल्ड ट्रंप ने फिर बाजार की रैली पंक्चर कर दी है। बाजार में पहली गिरावट में रैली आई। सुबह की पहली ट्रेड आवाज के दर्शकों के लिए सटीक पड़ी। सुबह 23815 से 23990 की रैली हुई। हमने एंट्री और एग्जिट दोनों की बात स्क्रीन पर ही कही। उसके बाद डॉनल्ड ट्रंप की स्टेटमेंट आ गई।
ट्रंप की धमकी से ग्लोबल बाजार फिर थोड़े डरे हैं। ब्रेंट क्रूड वापस अब 98 डॉलर के पास आ गया है। बैंक निफ्टी में बड़ी रैली के बाद आज गिरावट देखने को मिली है। 3000 अंकों की रैली के बाद 1000 अंक गिरना सामान्य बात है। अच्छी बात यह है कि मार्केट ब्रेड्थ आज भी ठीक-ठाक है। अब देखना होगा यहां से क्या होगा?
आज की क्लोजिंग पर काफी कुछ निर्भर करेगा। अगर निफ्टी 23750 के ऊपर बंद हुआ तो दिक्कत नहीं होगी। अगर 23750 टूटा तो थोड़ी मुश्किल होगी। इंडेक्स की बजाय अब शेयरों पर फोकस करें। इंडेक्स पर दोनों तरफ पैसे बने हैं। अब यहां से अपनी रणनीति स्टॉक स्पेसिफिक रखें। आज भी काफी थीम हैं जो चली हैं जैसे कैपिटल मार्केट शेयर।
निफ्टी के लिए सबसे अहम सपोर्ट 23750 पर है। इसके बाद अगला सपोर्ट 23500 पर है। इसके लिए रजिस्टेंस 24000 पर है।
बैंक निफ्टी के लिए 54000-54500 पर सपोर्ट है। अगर 54000 टूटा तो गिरावट बढ़ने का रिस्क है। इसके लिए 55500-56000 पर रेजिस्टेंस दिख रहा है।
न्यूट्रल पोजिशन्स के साथ जाएं। अगर लॉन्ग लेकर जाना चाहते हैं तो सिर्फ मंथ एंड कॉल्स को सख्ती से कैरी करें। लेकिन मार्क-टू-मार्केट लॉस का सामना करने के लिए तैयार रहें।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।