Cabinet Decisions: दशहरे से पहले रेलवे कर्मचारियों (Railway Employees) के लिए 1968.87 करोड़ रुपये के प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) को मंजूरी मिल गई है। यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 18 अक्टूबर को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक (Union Cabinet Meeting) में लिया गया। यह बोनस वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 78 दिनों के वेतन के बराबर है। इसका फायदा सभी पात्र नॉन-गैजटेड रेलवे कर्मचारियों जैसे ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर्स, पॉइंट्समैन, मिनिस्टीरियल स्टाफ और अन्य ग्रुप 'सी' स्टाफ (RPF/RPSF कर्मियों को छोड़कर) को मिलेगा।
सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि रेलवे कर्मचारियों के बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए केंद्र सरकार ने 11,07,346 रेलवे कर्मचारियों को 1968.87 करोड़ रुपये के पीएलबी भुगतान को मंजूरी दे दी है। वित्त वर्ष 2022-2023 में रेलवे का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। रेलवे ने रिकॉर्ड 150.9 करोड़ टन माल लोड किया और लगभग 6.5 अरब यात्रियों को लाया-ले जाया गया।
रिकॉर्ड प्रदर्शन में कई फैक्टर्स का योगदान
यह भी कहा गया है कि रेलवे के इस रिकॉर्ड प्रदर्शन में कई फैक्टर्स का योगदान रहा। इन फैक्टर्स में रेलवे में सरकार की ओर से रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय के कारण इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार, ऑपरेशंस में दक्षता और बेहतर टेक्नोलोजी आदि शामिल हैं। बयान में कहा गया कि पीएलबी का भुगतान रेलवे कर्मचारियों को प्रदर्शन में और सुधार की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहन के रूप में कार्य करेगा।
केंद्र सरकार के कर्मचारियों, पेंशनधारकों का महंगाई भत्ता बढ़ा
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (Dearness Allowance or DA) में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इस फैसले से 48.67 लाख कर्मचारियों और 67.95 लाख पेंशनधारकों को लाभ होगा। अब सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता और पेंशनधारकों की महंगाई राहत (Dearness Relief or DR) बढ़कर 46 प्रतिशत हो जाएंगे।