कानपुर में KDA बनाने जा रहा नई टाउनशिप, LIG से लेकर MIG तक 800 से 1000 होंगे प्लॉट, जानें- शुरुआती कीमत

UP News: यूपी के प्रमुख औद्योगिक शहर कानपुर में मकानों की बढ़ती मांग और आबादी के दबाव को देखते हुए KDA ने एक बड़ी आवासीय योजना को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कानपुर के आउटर एरिया उचटी में विकसित होने वाली नई टाउनशिप हाईटेक सुविधाओं से लैस होगी

अपडेटेड Apr 09, 2026 पर 3:51 PM
Story continues below Advertisement
UP News: स योजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी' के विजन से जोड़कर देखा जा रहा है।

UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) शहर के बाहरी इलाके उचटी में एक भव्य और हाईटेक टाउनशिप विकसित करने जा रहा है। 300 एकड़ में फैली यह टाउनशिप न केवल कानपुर का दायरा बढ़ाएगी। बल्कि मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को सस्ते दरों पर प्लॉट भी उपलब्ध कराएगी।

यूपी के प्रमुख औद्योगिक शहर कानपुर में मकानों की बढ़ती मांग और आबादी के दबाव को देखते हुए KDA ने एक बड़ी आवासीय योजना को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। 'न्यूज 18' की रिपोर्ट के मुताबिक, कानपुर के आउटर एरिया उचटी में विकसित होने वाली यह टाउनशिप हाईटेक सुविधाओं से लैस होगी। खास बात यह है कि इस योजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी' के विजन से जोड़कर देखा जा रहा है।

300 एकड़ में बनेगी नई टाउनशिप


न्यूज 18 ने बताया कि KDA ने शुरुआत में इस योजना को केवल 100 एकड़ में शुरू करने का विचार किया था। लेकिन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अब इसे 300 एकड़ तक बढ़ा दिया गया है। इसमें 100 एकड़ जमीन केडीए की अपनी है। जबकि बाकी के 200 एकड़ जमीन अन्य स्रोतों के माध्यम से इस प्रोजेक्ट में जोड़ी गई है। इस पूरी टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, पार्क, 24 घंटे बिजली और पानी की आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि यहां के निवासियों को शहर जैसा ही माहौल मिलेगा।

20-25 लाख रुपये से शुरू होगी प्लॉट की कीमत

कानपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य नगर नियोजक मनोज कुमार के अनुसार, इस टाउनशिप की सबसे बड़ी खूबी इसमें उपलब्ध जमीनों की विविधता है। योजना के तहत करीब 800 से 1000 प्लॉट विकसित किए जाने का टारगेट है। इसमें निम्न आय वर्ग (LIG), मध्यम आय वर्ग (MIG) और उच्च आय वर्ग (HIG) के लिए अलग-अलग साइज के प्लॉट होंगे। छोटे प्लॉट की शुरुआती कीमत 20 से 25 लाख रुपये से शुरू होने की उम्मीद है। इसके आधार पर प्लॉट की साइज और लोकेशन के आधार पर इनकी कीमतें बढ़ती जाएंगी।

लैंड पूलिंग मॉडल और प्राइवेट बिल्डरों की भागीदारी

इस प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा करने के लिए केडीए इसमें लैंड पूलिंग मॉडल अपनाने जा रहा है। इसके तहत प्राइवेट बिल्डरों को भी विकास कार्य में शामिल किया जाएगा। केडीए के अधिकारियों ने पहले ही साइट का निरीक्षण कर लिया है। टाउनशिप का लेआउट भी तैयार कर लिया गया है।

100 नई टाउनशिप का हिस्सा है प्रोजेक्ट

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य को 'वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी' बनाने के टारगेट के तहत पूरे यूपी में 100 नई टाउनशिप विकसित करने का प्लान बनाया है। उचटी की यह योजना उसी बड़ी पहल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस टाउनशिप के विकसित होने से न केवल आम लोगों को सस्ते और योजनाबद्ध प्लॉट मिलेंगे। बल्कि कानपुर शहर का दायरा भी बढ़ेगा।

ये भी पढ़ें- 'कौन-सी कांग्रेस पार्टी? मैंने तो नाम भी नहीं सुना...'; असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा का विपक्ष पर तंज

निर्माण कार्यों और शहर में नई बसावट से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर खुलेंगे। जो लोग लंबे समय से कानपुर में एक बेहतर लोकेशन पर घर बनाने का इंतजार कर रहे थे। उनके लिए केडीए की यह उचटी टाउनशिप एक बेहतरीन विकल्प साबित होने वाली है।

प्रोजेक्ट की बड़ी बातें

एरिया: उचटी, कानपुर (आउटर एरिया)।

क्षेत्रफल: 300 एकड़।

कुल प्लॉट: 800 से 1000 भूखंड।

कैटेगरी: LIG, MIG और HIG।

शुरुआती कीमत: 20 से 25 लाख से शुरूआत।

मॉडल: लैंड पूलिंग (प्राइवेट बिल्डरों के साथ)।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।