नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने घोषणा की है कि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ट्रांजैक्शन ID में अब 1 फरवरी से स्पेशल कैरेक्टर लिखने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे स्पेशल कैरेक्टर वाला कोई भी ट्रांजैक्शन सेंट्रल सिस्टम की ओर से अपने आप ही रिजेक्ट कर दिया जाएगा। यह घोषणा UPI ट्रांजैक्शन ID बनाने की प्रक्रिया को स्टैंडर्डाइज करने के लिए की गई थी। NPCI ने सभी पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर से अनुपालन सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।
9 जनवरी के एक सर्कुलर में, NPCI ने सभी पेमेंट कंपनियों को लेनदेन ID के लिए केवल अल्फ़ान्यूमेरिक कैरेक्टर का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। NPCI की आधिकारिक रिलीज में कहा गया है, "28 मार्च, 2024 के हमारे ओसी 193 से संदर्भ लिया जा सकता है, जिसमें UPI इकोसिस्टम प्लेयर्स को UPI ट्रांजैक्शन ID बनाने के लिए केवल अल्फ़ान्यूमेरिक कैरेक्टर का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई थी। यह UPI तकनीकी विशिष्टताओं का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए है।"
यह डेवलपमेंट ऐसे समय में हुआ है, जब UPI ट्रांजैक्शन लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है। India TV ने NPCI डेटा का हवाला देते हुए बताया कि दिसंबर 2024 में ऐसे UPI लेनदेन की संख्या 16.73 अरब तक पहुंच गई, जो नवंबर में 15.48 अरब से 8% ज्यादा है।
इन लेनदेन का कुल मूल्य भी दिसंबर में ₹23.25 लाख करोड़ तक पहुंच गया, जबकि नवंबर में यह ₹21.55 लाख करोड़ था।
रिपोर्ट के अनुसार, इसके अलावा, डेली एवरेज ट्रांजैक्शन काउंट दिसंबर में बढ़कर 539.68 मिलियन हो गई, जो नवंबर में 516.07 मिलियन से बड़ी बढ़ोतरी है।