राज्य सरकार ने खोल दी तिजोरी, बेरोजगार युवाओं को हर महीने ₹2000 भत्ता, सरकारी नौकरी की फॉर्म फीस भी माफ

मुख्यमंत्री ने बेरोजगार युवाओं के लिए नई भत्ता योजना और सरकारी भर्ती परीक्षाओं में फीस माफी का ऐलान किया है। जानिए किसे मिलेगा फायदा, कैसे करें आवेदन और खाते में पैसा कब आएगा

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 7:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मुख्यमंत्री ने कहा कि BJP के चुनावी मेनिफेस्टो में किए वादे के मुताबिक 2028-29 फाइनेंशियल ईयर से ये भत्ता बढ़ जाएगा।

नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सरकार ने 2 बड़े ऐलान किए हैं। मुख्यमंत्री ने सोमवार को बताया कि बेरोजगार ग्रेजुएट्स को अब हर महीने 2000 रुपये का भत्ता मिलेगा। इसके साथ ही सरकारी नौकरी की परीक्षाओं के लिए एप्लिकेशन फीस भी पूरी तरह खत्म कर दी गई है।

किसे मिलेंगे 2000 और किसे 1500 रुपये

ये भत्ता भोरसा कर्मसूची (Bhorsha Karmasuchi) के तहत मिलेगा। जो ग्रेजुएट बेरोजगार हैं, या जिन्होंने सरकार से जुड़े वोकेशनल संस्थानों से डिप्लोमा किया है और अब तक नौकरी नहीं मिली, उन्हें हर महीने 2000 रुपये मिलेंगे। ग्रेजुएशन न करने वाले बेरोजगारों के लिए ये रकम 1500 रुपये महीना होगी।


साल भर का हिसाब लगाएं तो ग्रेजुएट को 24000 रुपये और नॉन ग्रेजुएट को 18000 रुपये मिलेंगे। योजना का फायदा उन्हीं युवाओं को मिलेगा, जिनकी उम्र 21 से 45 साल के बीच है। आपको बता दें, ये ऐलान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया है।

2028-29 से बढ़ेगी भत्ते की रकम

मुख्यमंत्री ने कहा कि BJP के चुनावी मेनिफेस्टो में किए वादे के मुताबिक 2028-29 फाइनेंशियल ईयर से ये भत्ता बढ़ जाएगा। तब ग्रेजुएट और डिप्लोमा होल्डर्स को 3000 रुपये और नॉन ग्रेजुएट्स को 2000 रुपये हर महीने मिलेंगे।

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक कैबिनेट मीटिंग के बाद अधिकारी ने कहा, "हम अपने युवाओं से कुछ समय सब्र रखने की अपील करते हैं, क्योंकि हमने कई नई योजनाएं शुरू की हैं, बकाया चुकाया है और बड़ी आर्थिक जिम्मेदारियां उठाई हैं। हम अपना वादा निभाएंगे।"

युवासाथी की जगह नई योजना, 54 लाख लाभार्थियों की होगी जांच

भोरसा कर्मसूची, अधिकारी की अगुवाई वाली BJP सरकार की नई योजना है। इसने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार के समय शुरू हुई युवासाथी योजना की जगह ली है। पिछली सरकार की योजना के तहत 54 लाख लाभार्थी हैं, जिनका वेरिफिकेशन 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।

कैसे करें आवेदन, कब आएगा पैसा

जिन लोगों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, वो "आपनार सरकार आपनार पाशे" कार्यक्रम के जरिए अपना फॉर्म जमा कर सकेंगे। ये आवेदन युवा कल्याण विभाग को भेजे जाएंगे। भत्ते की रकम हर महीने के दूसरे हफ्ते तक सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। योजना की औपचारिक शुरुआत फरवरी में एक कार्यक्रम में होगी।

एक परिवार से ज्यादा से ज्यादा 2 लोग इस योजना का फायदा ले सकेंगे। अन्नपूर्णा योजना के तहत 3000 रुपये महीना पाने वाले इसके दायरे से बाहर रहेंगे।

सरकारी नौकरी के फॉर्म पर अब कोई फीस नहीं

अधिकारी ने सोमवार को एक और बड़ा फैसला सुनाया। अब बंगाल में सरकारी नौकरी की परीक्षाओं के लिए आवेदन करने पर कोई फीस नहीं लगेगी। कोलकाता में कैबिनेट मीटिंग के बाद उन्होंने कहा, "बेरोजगार युवाओं से सरकारी नौकरी की परीक्षा में आवेदन के लिए फीस लेना अपराध है। ये बेहद छोटी सोच को दिखाता है।" उन्होंने ऐलान किया, "आज से सरकारी नौकरी की परीक्षाओं के लिए कोई एप्लिकेशन फीस नहीं ली जाएगी।"

मीटिंग्स का खर्च घटाकर उठाया जाएगा बोझ

फीस माफी का खर्च निकालने के लिए सरकार प्रशासनिक बैठकों और सरकारी कार्यक्रमों का खर्च घटाएगी। PTI के मुताबिक अधिकारी ने कहा, "जहां तक प्रशासनिक बैठकों की बात है, जो कार्यक्रम पहले 5 दिन में होते थे, उन्हें हम सिर्फ 1 दिन में पूरा कर रहे हैं। हमने सरकारी कार्यक्रमों की तड़क भड़क काफी कम कर दी है। इससे हमें अच्छी खासी बचत हो रही है।"

उन्होंने पिछली ममता सरकार के खर्च से तुलना भी की। अधिकारी के मुताबिक पिछली सरकार ने 67 प्रशासनिक समीक्षा बैठकों पर 611 करोड़ रुपये खर्च किए थे, यानी हर बैठक पर औसतन 9.12 करोड़ रुपये। उन्होंने कहा, "हम अपनी बैठकों पर इसके आसपास भी खर्च नहीं करते। आप मान सकते हैं कि हमारा खर्च पिछली सरकार के खर्च का 20 फीसदी भी नहीं है।"

10146 पदों पर होगी भर्ती

कैबिनेट ने नई भर्तियों का फैसला भी लिया है। अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के अलग अलग विभागों में कुल 10146 नियुक्तियां होंगी। उन्होंने कहा, "इनमें से 1000 पद ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स के लिए तय किए गए हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।