where to invest 10 lakhs: अगर आप लंबी अवधि के लिए निवेश (Long term Investment) कर रहे हैं तो फिर आपको यह देखने की जरूरत नहीं है कि शेयर बाजार का हाल क्या है। यह कहना है कि लक्ष्मी अय्यर का। Lakshmi Iyer को इनवेस्टमेंट खासकर शेयरों में निवेश का व्यापक अनुभव हैं।
अभी वह Kotak Investment Advisors की प्रमुख हैं। मनीकंट्रोल ने अय्यर से शेयर बाजार के मौजूदा हालात सहित इनवेस्टमेंट के मौकों (Investment Opportunities) के बारे में बातचीत की। उनसे यह भी पूछा कि मौजूदा माहौल में एक इनवेस्टर्स को 10 लाख रुपये का निवेश किस तरह करना चाहिए।
अय्यर ने कहा कि किसी इनवेस्टर को निवेश करने में सबसे पहले दो बातों का ध्यान रखना चाहिए। पहला, वह कितने समय (Time Horizon) के लिए निवेश करने जा रहा है। दूसरा, वह कितना रिस्क (Risk Apetite) ले सकता है। इसकी वजह यह है कि मार्केट कभी डेड नहीं हो सकता। इसमें उतार-चढ़ाव चलता रहता है। इसिलए आपके लिए वे चीजें अहम हैं, जो आपके नियंत्रण में हैं। ऐसा कोई समय नहीं है, जिसे कहा जाए कि यह इनवेस्टमेंट के लिए सबसे अच्छा है।
उन्होंने कहा कि अगर आपको 10 लाख रुपये का निवेश करना है तो सबसे पहले आपको रिस्क लेने की अपनी क्षमता को देखना होगा। इसलिए कोई एक फॉर्मूला नहीं है, जो हर इनवेस्टर के लिए सही हो। फिर भी, यह कहा जा सकता है कि एक सामान्य रिस्क क्षमता वाले इनवेस्टर को 10 लाख रुपये में से कम से कम 60 फीसदी निवेश शेयरों में करना चाहिए। 30 फीसदी डेट (जैसे बॉन्ड) और बाकी 10 फीसदी गोल्ड में करना चाहिए। इनवेस्टर के गोल (लक्ष्य) के मुताबिक इसमें थोड़ा बदलाव किया जा सकता है।
मौजूदा माहौल में इनवेस्टर को किस तरह की रणनीति अपनानी चाहिए? इस सवाल के जवाब में अय्यर ने कहा कि ग्लोबल मार्केट की स्थितियों को ध्यान में रख अभी लार्जकैप शेयरों में निवेश की रणनीति सही रहेगी। आप फ्लेक्सी कैप फंड्स में भी इनवेस्ट कर सकते हैं। ऐसे फंड में लार्जकैप शेयरों की हिस्सेदारी ज्यादा होती है। जब ग्लोबल बाजार में अनिश्चितता का माहौल हो तब यह रणनीति सही रहती है।
इनफ्लेशन और रिसेशन की मंदी की चिंता के बारे में उन्होंने कहा कि ग्लोबल लेवल पर माहौल अनिश्चित दिख रहा है। अमेरिका में इनफ्लेशन काफी हाई है। इंग्लैंड और यूरोप में ग्रोथ पर ब्रेक लग गया है। जियोपॉलिटिकल स्थितियां अच्छी नहीं दिख रही हैं। हालांकि, जहां तक इंडिया का सवाल है तो स्थिति काफी बेहतर है। खासकर पश्चिमी अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले हम बहुत अच्छी स्थिति में हैं।
अय्यर ने कहा कि अगर आप म्यूचुअल फंड के रास्ते शेयरों में निवेश कर रहे हैं तो आपको ध्यान रखना चाहिए कि आपके पोर्टफोलियो में चार-पांच से ज्यादा स्कीमें नहीं होनी चाहिए। इससे आपके लिए अपने पोर्टफोलियो को मैनेज करना आसान रहेगा। आपके पोर्टफोलियो में तीन से चार इक्विटी फंड होने चाहिए और एक इंडेक्स फंड होना चाहिए।
आखिर में उन्होंने कहा कि इनवेस्टर्स खासकर यंग लोगों को एक खास सलाह का ध्यान रखना चाहिए। वह यह है कि निवेश करो और भूल जाओ। इससे आपको दो बड़ी मुश्किलों पर विजय हासिल करने में मदद मिलेगी। ये हैं-लाचल और डर। इस तरह आप आसानी से अपने फाइनेंशियल गोल्स हासिल कर सकते हैं।