कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव को 14.8 किलोग्राम सोने के साथ गिरफ्तार किए जाने के बाद दुबई और सोना एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल रान्या राव एमिरेट्स की उड़ान से दुबई से बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (कैंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) पर पहुंचीं थीं। अधिकारियों का कहना है कि वह कथित तौर पर अपने कपड़ों में छिपाकर सोना लाई थीं। उनकी अक्सर होने वाली अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर DRI (डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस) की नजर थी और इस बार DRI ने उनके पास से 12.56 करोड़ रुपये की गोल्ड बार जब्त करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अब सवाल यह है कि लोग दुबई से इतना सोना लेकर क्यों आते हैं? क्या दुबई में सोना भारत से सस्ता है? जवाब है- हां। दुबई में सोने की कीमतें अक्सर भारत की तुलना में कम होती हैं। इसीलिए दुबई का गोल्ड मार्केट, सोने के खरीदारों को आकर्षित करता है।
दुबई में क्यों सस्ता है सोना?
इंपोर्ट ड्यूटी और टैक्स पॉलिसीज में अंतर के कारण दुबई में सोने की कीमतें अक्सर भारत में कीमतों के मुकाबले कम होती हैं। उदाहरण के लिए दुबई में बुलियन और गोल्ड ज्वैलरी पर शून्य जीएसटी है, जबकि भारत सोने पर 3% जीएसटी लगाता है। इसके अलावा दुबई के ज्वैलरी स्टोर्स में मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट काफी रीजनेबल है, जिससे दुबई में 24 कैरेट गोल्ड भारत की तुलना में लगभग 5% से 7% सस्ता हो जाता है। दुबई से भारी मात्रा में सोना खरीदने पर उपभोक्ता अधिक पैसे बचाते हैं। लेकिन दुबई से भारत सोना लाने पर कस्टम ड्यूटी के नियमों को नहीं भूलना चाहिए।
नियमों के अनुसार, अगर कोई भारतीय यात्री दुबई में छह महीने से अधिक समय तक रहने के बाद भारत लौटता है तो वह कस्टम ड्यूटी का भुगतान करने के बाद अपने बैगेज में 1 किलो तक सोना ला सकता है। ड्यूटी फ्री गोल्ड लाने की लिमिट की बात करें तो पुरुष यात्री कस्टम ड्यूटी के बिना दुबई से 20 ग्राम (50,000 रुपये कीमत) तक सोना देश में ला सकते हैं। पुरुष यात्री गोल्ड कॉइन या बार देश में ला सकते हैं। वहीं महिला यात्रियों के लिए कस्टम ड्यूटी के बिना देश में दुबई से गोल्ड लाने की सीमा 40 ग्राम (1,00,000 रुपये कीमत) तक है। महिला यात्री गोल्ड को ज्वैलरी, बार या कॉइन के तौर पर ला सकती हैं।
दुबई से लाया जाने वाला गोल्ड अगर इन लिमिट्स को क्रॉस करता है तो गोल्ड लाने वाले यात्री को कस्टम ड्यूटी भरनी होगी, जो सोने की वैल्यू का 3 से 10% तक हो सकती है। वेरिफिकेशन के लिए यात्रियों को खरीदे गए सोने का बिल कस्टम अधिकारियों को दिखाना होगा।
बच्चे कितना ड्यूटी फ्री गोल्ड ला सकते हैं
15 साल की उम्र से कम के बच्चे दुबई से 40 ग्राम तक के गोल्ड ऑर्नामेंट्स देश में बिना कस्टम ड्यूटी के ला सकते हैं। इनमें बच्चों को दिए गए सोने के गिफ्ट शामिल हैं। लेकिन दुबई से सोना ला रहे बच्चे के पास उसके साथ आ रहे बड़े लोगों से रिश्तेदारी बताता हुए आईडी प्रूफ होना जरूरी है। ऐसा इसलिए ताकि गार्जियन पेपरवर्क कर सके।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में गईं रान्या राव
DRI का कहना है कि एयरपोर्ट पर रान्या राव से सोना जब्त किए जाने के बाद उनके घर पर तलाशी ली गई और 2.06 करोड़ रुपये की गोल्ड ज्वैलरी और 2.67 करोड़ रुपये की इंडियन करेंसी भी बरामद की गई। राव सीनियर IPS अधिकारी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं। डीजीपी रैंक के अधिकारी रामचंद्र राव वर्तमान में कर्नाटक स्टेट पुलिस हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर कार्यरत हैं। इस मामले में कुल जब्ती 17.29 करोड़ रुपये की है। सोमवार रात गिरफ्तारी के बाद रान्या राव को आर्थिक अपराध अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।