क्या आपने फाइनेंशियल ईयर 2022-23 के लिए पर्याप्त टैक्स-सेविंग कर लिया है? अगर नहीं तो 31 मार्च से पहले इस काम को जरूर कर लें। 31 मार्च को यह फाइनेंशियल ईयर खत्म हो जाएगा। टैक्स-सेविंग्स के लिए मार्केट में कई ऑप्शंस उपलब्ध हैं। इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80सी के तहत इनमें इनवेस्ट कर एक फाइनेंशियल ईयर में 1.50 लाख रुपये तक टैक्स बेनेफिट लिया जा सकता है। इनमें एक ऑप्शन है National Savings Certificate (NSC)। यह टैक्स बेनेफिट वाले सभी ऑप्शंस में सबसे पुराना है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
इसमें निवेश कितना सुरक्षित है?
एनएससी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह निवेश के लिहाज से बहुत सुरक्षित है। इसे सरकार की एक तरह की गांरटी हासिल है। इसीलिए इसमें ऐसे लोग ज्यादा निवेश करते हैं, जो रिटर्न से ज्यादा अपने पैसे की सुरक्षा पर ध्यान देते हैं। कंजरवेटिव यानी ज्यादा रिस्क नहीं लेने वाले निवेशक NSC में ज्यादा निवेश करते हैं।
कितना किया जा सकता है निवेश?
आप एनएससी में 1,000 रुपये की मामूली रकम से इनवेस्ट कर सकते हैं। 100 के गुणक में आप ज्यादा निवेश कर सकते हैं। इसमें निवेश करने पर आपको पांच साल तक इंतजार करना होगा। पांच साल के बाद आपको इंटरेस्ट के साथ अपना पैसा मिल जाएगा।
इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80सी के तहत एनएससी में एक फाइनेंशियल ईयर में 1.5 लाख रुपये तक निवेश कर टैक्स बेनेफिट लिया जा सकता है। इंटरेस्ट की रकम आपके मूलधन में जोड़ दिया जाता है। मैच्योरिटी पर यह पैसा आपको मिल जाता है।
इंटरेस्ट पर क्या टैक्स लगता है?
पांच साल मैच्योरिटी पर जो पैसा आपको मिलता है, उसमें शामिल इंटरेस्ट पर आपको टैक्स चुकाना पड़ता है। इसे 'इनकम फ्रॉम अदर सोर्सेज' माना जाता है। आप मैच्योरिटी पर मिले पैसे को और चार साल तक निवेश कर सकते हैं। इस पर आपको सेक्शन 80सी के तहत टैक्स बेनेफिट मिलेगा। साथ ही इंटरेस्ट अमाउंट टैक्स-फ्री होगा। 80सी का बेनेफिट नहीं लेने पर इंटरेस्ट अमाउंट टैक्स के दायरे में आएगा।
अभी एनएससी पर सालाना इंटरेस्ट 7 फीसदी है। हर साल इंटरेस्ट अमाउंट रिइनवेस्ट हो जाता है। इंटरनेट पर ऐसी कई वेबसाइट्स हैं, जिसमें आपको एनएससी के रिटर्न का टेबल मिल जाएगा। इससे आपको यह पता चल जाएगा कि कितना पैसा निवेश करने पर पांच साल बाद आपको कितने पैसे मिलेंगे। इस जानकारी से आपके लिए निवेश का फैसला लेना आसान हो जाएगा।