हिंदू धर्म में चारधाम यात्रा का काफी महत्व होता है। उत्तराखंड में होने वाली पवित्र चारधाम यात्रा 2025 की शुरुआत 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ धाम और 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे। चारधाम यात्रा में चार प्रमुख तीर्थ स्थल आते हैं- गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ। मान्यता है कि इन चार धामों की यात्रा करने से श्रद्धालुओं को मोक्ष की प्राप्ति होती है। यही वजह है कि न सिर्फ भारत से, बल्कि विदेशों से भी लोग चारधाम यात्रा के लिए आते हैं।
हर साल लाखों श्रद्धालु इस यात्रा में हिस्सा लेते हैं। अगर आप भी इस साल चारधाम यात्रा का प्लान कर रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातें जान लेना आपके लिए काफी जरूरी है।
चारधाम यात्रा की शुरुआत पारंपरिक रूप से हरिद्वार से होती है। सबसे पहले श्रद्धालु यमुनोत्री धाम जाते हैं, फिर गंगोत्री, उसके बाद केदारनाथ और अंत में बद्रीनाथ पहुंचते हैं। चार धाम यात्रा हरिद्वार, ऋषिकेश या देहरादून से शुरू की जा सकती है। हर साल प्रशासन चार धाम यात्रा की पूरी तैयारी करता है ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
यह यात्रा उत्तराखंड के बर्फ से ढके पहाड़ों और घने जंगलों के बीच होती है, जहां मौसम के बदलाव के कारण कुछ लोगों को स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। यात्रा के दौरान कठिन चढ़ाई और ट्रैकिंग होती है, इसलिए शरीर को एनर्जी देने वाले खाद्य पदार्थ और इमरजेंसी मेडिकल किट जैसी जरूरी चीजें साथ में रखना बहुत जरूरी है। चारधाम मार्ग पर आपको इस बार पर्याप्त बायो-टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, बिजली और मोबाइल नेटवर्क की सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। इसके अलावा, जो यात्रियों को जरूरत होगी, उनके लिए निशुल्क भोजन और रुकने की व्यवस्था भी की जाएगी।
यात्रा मार्ग को छोटे-छोटे सेक्टरों में बांटकर हर 10 किलोमीटर पर चीता पुलिस की गश्त करेगी। इसके साथ ही, चारों धामों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। अगर कोई आपात स्थिति होती है, तो यात्रियों को हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर भेजा जाएगा। चारधाम मार्ग पर साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं और पेयजल की व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही, हर सेक्टर में आपातकालीन कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेंगे। चारधाम यात्रा पर जाने वाले हर वाहन की पूरी चेकिंग की जाएगी। वाहन का फिटनेस और दस्तावेज सही होने के बाद ही उसे यात्रा पर जाने की अनुमति दी जाएगी।