Dhanteras 2025: धनतेरस से दिवाली का त्योहार शुरू होता है। ये पर्व हर साल कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर मनाया जाता है। इस दिन माता लक्ष्मी, कुबेर जी और धनवंतरी भगवान की पूजा की जाती है। माना जाता है कि इस दिन सोना-चांदी या संपत्ति आदि खरीदने से माता लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और सुख समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। लेकिन, सभी लोग सोना-चांदी जैसी बहुमूल्य चीजें खरीदने में समर्थ नहीं होते हैं या किसी कारण से इन्हें नहीं खरीद पाते। ऐसे में शास्त्रों में कुछ चीजें बताई गई हैं, जिन्हें इस अवसर पर खरीदना बहुत शुभ होता है और पूरे साल लक्ष्मी माता की कृपा बनी रहती है।
इस दिन होगा धनतेरस का पर्व
पंचांग के अनुसार, कार्तिक मार्स की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 18 अक्टूबर को दोपहर 12.18 बजे से लग रही है। यह 19 अक्टूबर को दोपहर 01.51 बजे समाप्त होगी। प्रदोष काल के कारण धनतेरस का त्योहार 18 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
धनतेरस पर ये खरीदने पर प्रसन्न होती हैं मां लक्ष्मी
गोमती चक्र समुद्री शंख जैसा दिखता है और इसे खरीदकर पूजा में रखना बहुत शुभ होता है। इसे देवी लक्ष्मी का प्रिय माना गया है। इसे घर के धन स्थान पर रखने से धन संबंधी रुकावटें दूर होती हैं और लक्ष्मी माता का स्थायी निवास होता है। अगर गोमती चक्र पीले रंग का हो, तो इसे और भी शुभ माना जाता है।
झाड़ू माता लक्ष्मी का प्रतीक मानी जाती है। धनतेरस पर इसे खरीदना भी बहुत शुभ माना जाता है। कहते हैं कि इस दिन खरीदी गई झाड़ू घर से दरिद्रता और नकारात्मक ऊर्जा को दूर करती है। लेकिन, नई झाड़ू का उपयोग उसी दिन नहीं करना चाहिए, बल्कि इसे साफ स्थान पर संभालकर रखें।
धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। इस दिन विशेष रूप से तांबे और पीतल के बर्तन खरीदने की परंपरा है। इन धातुओं का संबंध आरोग्य, पवित्रता और समृद्धि से होता है। इन्हें घर लाने से सौभाग्य और धन-धान्य में वृद्धि होती है।
नमक आसपास के वातावरण से नकारात्मकता को दूर करता है और घर की पवित्रता और संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। इसलिए धनतेरस पर नमक खरीदना भी शुभ माना जाता है। इस दिन सेंधा नमक खरीदकर घर में रखने से वास्तु दोष दूर होते हैं और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है।
सूखा धनिया समृद्धि और आर्थिक उन्नति का प्रतीक माना गया है। पूजा के समय कुछ साबुत धनिया के बीज माता लक्ष्मी को अर्पित करें और बाद में उन्हें अपनी तिजोरी या धन स्थान पर रखें। ऐसा करने से घर में धन लाभ के योग बनते हैं।