एशिया कप 2025 का क्रिकेट फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सिंतबर से 28 सिंतबर तक खेला जाएगा। इसका आयोजन संयुक्त अरब अमीरात के दो शहरों दुबई और अबू धाबी में किया जाएगा। इस टूर्नामेंट का ये 17वां संस्करण होगा। इस बार ये मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएगा, ये तीसरी बार है जब एशिया का आयोजन टी20 फॉर्मेट में हो रहा है, जबकि बाकी 14 बार यह टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में हुआ है। आइए जानते हैं पहली बार कब खेला गया एशिया कप का मैच और कौन कितनी बार जीत चुका है ट्रॉफी
एशिया कप एशिया का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट है, इसकी शुरुआत 1984 में एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने की थी। 2016 से इसे ICC के बड़े टूर्नामेंट के फॉर्मेट को ध्यान में रखते हुए कभी 50 ओवर और कभी 20 ओवर के फॉर्मेट में आयोजित किया जाता है।
एशिया कप में भारत का रहा है दबदबा
एशिया कप में अब तक भारत, श्रीलंका और पाकिस्तान का ही दबदबा रहा है। एशिया कप हमेशा से ही भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रोमांचक मुकाबलों देखने को मिले हैं। भारत ने सबसे ज्यादा 8 बार खिताब अपने नाम किया है, वहीं श्रीलंका 6 बार चैंपियन बना, जबकि पाकिस्तान ने भी 2 बार ट्रॉफी जीती है। बांग्लादेश कई बार फाइनल तक पहुंचा, लेकिन अब तक खिताब जीतने में नाकाम रहा है।
इस बार कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी
एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर को अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच होने वाले मैच से होगी। इस बार कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार-चार के दो ग्रुप में बांटा गया है। हर टीम को अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से मुकाबले खेलने होंगे। पिछले बार की विनर भारतीय टीम अपना पहला मैच 10 सितंबर को मेजबान यूएई के खिलाफ खेलेगी।